जयपुर, 30 जुलाई। आयुक्त नगर निगम ग्रेटर जयपुर डॉ॰ गौरव सैनी ने भारी बारिश के बीच शहर की व्यवस्था सुचारू रखने के उद्देश्य से बुधवार को निगम मुख्यालय में निगम अधिकारियों की 3 घंटे की मैराथन बैठक लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निगम के सभी संसाधनों को दुरूस्त रखने एवं हर परिस्थिति से निपटने के लिए सुचारू रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कार्मिकों को हर समय एक्टिव मोड पर रहने तथा 24 घंटे फोन चालू रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि सीएसआई, गैराज शाखा, इंजीनियरिंग विंग सभी संसाधनों के साथ भारी बारिश से पैदा होने वाली परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहें। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि वर्तमान परिस्थितियों में जो कार्मिक गंभीर कारणों से एपीओ नहीं किए गए हैं, ऐसे कार्मिकों को फिल्ड में लगाया जाए।
जर्जर भवनों की पहचान करें, लोगों को दूर रखें- उन्होंने सभी उपायुक्तों को उनके क्षेत्र में स्थित सभी जर्जर भवनों को चिन्हित कर वहाँ चेतावनी बोर्ड लगवाने और आमजन को उन भवनों से दूर रखने की व्यापक व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। आयुक्त ने कहा है कि लोगों को इस बात के लिए जागरूक करें कि वे अपने आस-पास के जर्जर भवनों की सूचना निगम को दें।
साफ-सफाई व फोगिंग के निर्देश- आयुक्त ने निर्देश दिए हैं कि बरसात के दौरान जहाँ-जहाँ पानी जमा हो सकता है और मच्छर पैदा हो सकते हैं। उन स्थानों की नियमित सफाई होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि वे आमजन से भी घरों में जमा होने वाले बरसाती पानी की निकासी की सुचारू व्यवस्था करवाएँ। उन्होंने बरसात के बाद होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए मच्छरों के लार्वा पर नियंत्रण एवं नष्ट की कार्यवाही के लिए फोगिंग व अन्य उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
पौधों की नियमित देखभाल हो- आयुक्त ने निर्देश दिए हैं कि निगम द्वारा हरियालो राजस्थान अभियान के तहत अब तक लगाए गए 1 लाख 90 हजार पौधों एवं शेष लगाए जाने वाले 10 हजार पौधों सहित सभी पौधों की जियो टैगिंग करवाकर उनकी नियमित देखभाल सुनिश्चित की जाए ताकि इस अभियान के उद्देश्य को साकार किया जा सके।
आयुक्त ने लंबित विधानसभा प्रश्नों के जवाब समय पर तैयार करने, संपर्क पोर्टल दर्ज शिकायतों का समय पर निस्तारण करने एवं ई-फाइलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने यूडी टैक्स की वसूली के लिए नियमित कैंप लगाने, फायर एनओसी व ट्रेड लाइसेंस सहित विभिन्न प्रकरणों का तत्काल निस्तारण करवाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस दौरान निगम के आला अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Kashish Bohra
Post Views: 60






