Home » राजस्थान » गुजरात बॉर्डर के पास डैया-चौकी के 3 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर:अवैध शराब-जुआ की कार्रवाई में बरती थी लापरवाही; एसपी ने की कार्रवाई

गुजरात बॉर्डर के पास डैया-चौकी के 3 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर:अवैध शराब-जुआ की कार्रवाई में बरती थी लापरवाही; एसपी ने की कार्रवाई

उदयपुर के पानरवा थाना क्षेत्र में तीन दिन पहले एक मकान में अवैध शराब और जुआ सट्टा खेलने की कार्रवाई में पुलिस द्वारा लापरवाही बरती गई। ऐसे में एसपी योगेश गोयल ने बीती रात आदेश जारी करते हुए डैया चौकी के तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है।

पानरवा थाना अंतर्गत यह चौकी आती है। गुजरात बॉर्डर नजदीक होने से इस एरिया में अवैध शराब का कारोबार की शिकायतें आती रहती है। तीन दिन पहले पकड़े गए 20 लोगों में भी सभी गुजराती थे, जो जंगल में बने एक मकान में अवैध शराब और जुआ खेलने आए थे।

एसपी ने डैया चौकी प्रभारी एएसआई निकेश कुमार, कॉन्स्टेबल रोहित कुमार और कॉन्स्टेबल जवानमल बंजारा को लापरवाही के आरोप में लाइन हाजिर कर दिया। एसपी योगेश गोयल ने कहा कि जिले में जुआ-सट्टा, अवैध शराब सहित अन्य गतिविधियों के खिलाफ सख्ती से अभियान जारी रहेगा। इसमें किसी भी स्तर पर पुलिसकर्मियों की ढिलाई बरदाश्त नहीं की जाएगी।

जंगल में बने एक मकान में की थी कार्रवाई जिला स्पेशल टीम, पानरवा थाना और झाड़ोल थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंबासा के जंगल में बने एक मकान में कार्रवाई की थी। यहां से जुआ खेलते 20 लोगों को पकड़ा था। उनसे 2.47 लाख रुपए और दो पेटी अवैध शराब बरामद की थी। साथ ही एक इनोवा गाड़ी भी जब्त की थी। इस पूरे मामले में कार्रवाई को लेकर पुलिस की ओर से लापरवाही सामने आ रही है। हालांकि लापरवाही कैसे और क्यों बरती गई, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई।

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra

0
0

RELATED LATEST NEWS