जयपुर में बंद कार में दो भाइयों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों नाबालिग घर के पास खेलते हुए अचानक गायब हो गए थे। परिवार ने बच्चों की हत्या की आशंका जताई है। घटना मंगलवार रात 11.30 बजे जयपुर के गलता गेट के नगतलाई इलाके की है।

घर के पास ही खड़ी थी कार
डीसीपी करण शर्मा ने बताया कि महवा (दौसा) के रहने वाले शहजाद के बेटे अनस (8), अहसान (5) मंगलवार शाम को घर के पास खेल रहे थे। कुछ देर बाद दोनों गायब हो गए।
परिजनों ने उन्हें काफी देर तक तलाश किया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। दोनों घर के पास खड़ी एक गाड़ी में बेसुध मिले। एक बच्चे के शरीर पर खून के निशान भी थे।
पुलिस ने दोनों को एसएमएस अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

लोगों ने किया हंगामा, हत्या की आशंका
दो मासूमों की मौत की जानकारी मिलते ही एसएमएस हॉस्पिटल में लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय विधायक रफीक खान भी मौके पर पहुंचे। मौत से गुस्साए लोगों ने देर रात तक काफी हंगामा भी किया।
इसके बाद पुलिस-प्रशासन की समझाइश के बाद हंगामा शांत हुआ। परिवार ने दोनों मासूमों के हत्या की आशंका जताई है। पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

दम घुटने से भी हो सकती है मौत
डॉक्टर व पुलिस प्रथमदृष्टया दोनों की मौत गाड़ी में दम घुटने से होना मान रहे हैं। एक बच्चे के नाक और कान से खून बहा था। ऐसे में मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।
जिस गाड़ी में बच्चे मृत मिले हैं वो कॉलोनी के ही एक व्यक्ति की है। पुलिस ने शक के आधार पर कई लोगों से पूछताछ भी की है।






