गणेशजी चतुर्थी को 27 अगस्त को मनाया जाएगा। जयपुर में मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में आज से 9 दिन के कार्यक्रमों की शुरुआत हो गई है। जन्मोत्सव के पहले दिन सवा लाख मोदकों की झांकी सजाई गई। झांकी का मुख्य आकर्षण 251-251 किलो के दो बड़े मोदक रहे।
इनके साथ ही 51 किलो के 5 मोदक, 21 किलो के 21 मोदक और 1.25 किलो के 1100 मोदक भी भगवान को भोग लगाए गए। हजारों छोटे मोदकों से भी श्रृंगार कर प्रथम पूज्य को विशेष भोग लगाया गया।
भगवान गणेश को माणक-पन्ना जड़ित विशेष मुकुट धारण कराया गया। दर्शनों के लिए भक्तों की सुबह 5 बजे से ही भीड़ लग गई थी।

14,600 किलो सामग्री से बने मोदक
मंदिर महंत कैलाश शर्मा ने बताया- मोदकों को तैयार करने में कुल 14,600 किलो सामग्री का उपयोग किया गया। इसमें 2,500 किलो घी, 3,000 किलो बेसन, 9,000 किलो शक्कर और 100 किलो मेवा शामिल रहा। झांकी में सजाए गए मोदकों को भक्तों के लिए प्रसाद स्वरूप निशुल्क वितरित किया गया।
मोदक भगवान गणेश का प्रियतम भोग माना जाता है। यही वजह रही कि भक्तों ने प्रसाद स्वरूप मिले मोदकों को भगवान का आशीर्वाद मानकर ग्रहण किया। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।
कलश यात्रा के साथ मोती डूंगरी आएगी महिलाएं
21 अगस्त को श्री गणेश का पंचामृत अभिषेक किया जाएगा। पंचामृत 251 किलोग्राम दूध, 25 किलोग्राम बूरा, 50 किलोग्राम दही, 11 किलोग्राम शहद और 11 किलोग्राम घी मिलाकर बनाया जाएगा। इस मौके पर 501 महिलाएं कलश यात्रा लेकर मोती डूंगरी पहुंचेगी।






