उदयपुर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में 3 दिन पहले चोरी की नीयत से घर में घुसने और वृद्वा के चिल्लाने के बाद भागने वाले घटनाक्रम का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में 2 युवतियों समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घर में चोरी की पूरी प्लानिंग किसी और ने नहीं बल्कि नौकरानी ने की। उसी ने सबसे पहले अपने भाई और उसकी गर्लफ्रेंड के साथ यह प्लान बनाया। इसके बाद भाई के 2 दोस्त भी इसमें शामिल हो गए। नौकरानी के भाई और उसके एक दोस्त फरार है। पुलिस की पकड़ में आई नौकरानी पिछले 5 सालों से उस घर में काम कर रही थी। घटनाक्रम के दिन सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए थे।
प्रतापनगर थानाधिकारी राजेन्द्र सिंह ने बताया कि 12 नवंबर को मादड़ी निवासी मितेश गोलच्छा के घर में घुसकर दो नकाबपोश युवकों ने उनकी मां का गला दबाकर मारने की कोशिश की। इसी दौरान चिल्लाने पर आरोपी भाग निकले। आरोपी घर में चोरी की नीयत से घुसे थे, मगर वे सफल नहीं हो पाए। इस पर मामला दर्ज कर टीम गठित की। जांच के दौरान घर के सीसीटीवी फुटेज चेक किए तो सामने आया कि 3 युवक बाइक से आए थे। इसमें 2 युवक घर के अंदर घुसे और एक युवक घर के बाहर ही खड़ा रहा।
इस पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की पहचान पता करने की कोशिश की। तो सामने आया कि आरोपियों में एक युवक कमलेश मेघवाल है, जिसके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज है। जब पूरी हिस्ट्री खंगाली गई तो सामने आया कमलेश कोई और नहीं बल्कि उसी घर में काम करने वाली नौकरानी रेखा मेघवाल का भाई है। इस पर प्रतापनगर पुलिस पर रेखा से पूछताछ की, मगर वो शातिरता से गुमराह करती रही। इसके बाद पुलिस तकनीकी सहयोग के आधार पर कमलेश के दोस्त प्रदीप उर्फ प्रेक्षु परदेशी तक पहुंची, जहां कड़ी पूछताछ में उसने कमलेश, लोकेश और रितका के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। इस पर पुलिस ने रेखा मेघवाल और उसके भाई कमलेश की गर्लफ्रेंड रितिका को पकड़ा। जहां पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पूछताछ में सामने आया कि रेखा ने अपने भाई कमलेश और रितिका के साथ पहले प्लान बनाया। जिस दिन घर में कोई नहीं होगा, उस दिन घर में घुसकर अलमारी तोड़कर वहां रखी नगदी और ज्वेलरी चोरी करेंगे। 12 नंवबर के दिन भी मितेश गोलच्छा की मां को छोड़कर घर के सभी लोग बाहर गए हुए थे। इसी दौरान रेखा के फोन करने के बाद कमलेश, लोकेश और प्रदीप बाइक पर घर पर आए। जहां कमलेश और लोकेश घर में घुसे, जबकि प्रदीप बाइक के पास खड़ा रहकर निगरानी में करता रहा। रेखा ने पहले अपनी सहेली और भाई की गर्ल फ्रेंड रेखा को घर बताया था। तीनों आरोपियों को घर बताने के बाद रितिका उसी गली में एक कॉर्नर पर खड़ी रही।
जब आरोपी वृद्वा को जान से मारने की धमकी देकर अलमारी तोड़ने की कोशिश कर रहे थे, तभी वृद्वा के तेज चिल्लाने से आरोपी घबरा गए और पड़ोसियों के आने के डर से भाग गए थे। इस दौरान रेखा घर में ही मौजूद थी।
पुलिस ने बताया कि नौकरानी रेखा ने 5 साल से उसी घर में काम करती थी। घर के लोगों के साथ काफी घुली मिली थी। इस वजह से घर के बारे में लगभग जानकारी उसे पता थी।
पुलिस ने रेखा मेघवाल (28), रितिका विग (22) और प्रदीप परदेशी (19) को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि कमलेश मेघवाल और उसके दोस्त लोकेश मेघवाल फरार है। लोकेश, कमलेश और प्रदीप तीनों के खिलाफ पहले से लूट-मारपीट के मामले दर्ज है। आरोपी प्रदीप के कब्जे से वारदात में काम ली गई बाइक भी बरामद की गई है।
इस टीम में SI अशोक कुमार सिंह, ASI सुनील विश्नोई, हेड कांस्टेबल उम्मेद राम, हेड कांस्टेबल अखिलेश्वर कांस्टेबल बनवारी और कांस्टेबल शंकरलाल शामिल थे।





