पाली जिले के फालना में रंजिश के चलते दो गुटों में भिड़ंत हो गई, जिसमें स्कॉर्पियो पर सरिया, कुल्हाड़ी और लट्ठ से हमला कर तोड़फोड़ की गई। यह विवाद 7 दिसंबर को हुई स्कूटी-स्कॉर्पियो टक्कर से शुरू हुआ था।
फालना-बाली रोड पर भिड़ंत, पुलिस पहुंची तो आरोपी फरार
बुधवार देर शाम फालना थाना क्षेत्र में फालना-बाली रोड पर रंजिश के चलते दो गुटों में टकराव हो गया। स्कॉर्पियो में तोड़फोड़ की गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो तक आरोपी फरार हो चुके थे। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

स्कूटी से टक्कर पर शुरू हुआ विवाद
SHO विक्रम सिंह सांधू के अनुसार, खुडाला निवासी गणपत चौधरी ने रिपोर्ट में बताया कि 7 दिसंबर सुबह वह फालना स्टेशन से लौट रहा था। रास्ते में काले रंग की स्कॉर्पियो उसकी स्कूटी से टकरा गई।
स्कॉर्पियो से कुशल पुत्र वागाराम चौधरी, डंगाराम पुत्र पनाराम चौधरी और दो अन्य लोग उतरे और सरियों व लकड़ी से मारपीट की। लोग इकट्ठा हुए तो आरोपी भाग गए।
जाते-जाते धमकी भी दी, जिससे वह रिपोर्ट दर्ज कराने से डर गया।
3 दिन बाद फिर पहुंचे हमलावर
रिपोर्ट में बताया गया कि 10 दिसंबर की शाम वह अजयपुरी, दीपकपुरी रमेश देवासी के साथ अपनी स्कॉर्पियो के पास खड़ा था।इसी दौरान स्कॉर्पियो, बोलेरो, कैम्पर व कार में सवार कुशल पुत्र वागाराम, डुंगाराम पुत्र पनाराम, रमेश पुत्र भुराराम, बाबुलाल बिलिया, मांगीलाल चौधरी (कोट) सहित 8-10 लोग पहुंचे।
टक्कर मारकर तोड़फोड़, सरिया-कुल्हाड़ी से हमला
कुशल ने उतरते ही कहा – 7 दिसंबर को तेरी स्कूटी से मेरी स्कॉर्पियो को नुकसान हुआ, उसके रुपए दे। बहस बढ़ी तो आरोपियों ने अपनी स्कॉर्पियो, बोलेरो और कैम्पर से उसकी स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद उन्होंने सरिया, कुल्हाड़ी और लट्ठ से गाड़ी पर ताबड़तोड़ वार कर तोड़फोड़ की।
पीड़ित जान बचाकर भागा, CCTV खंगाले जा रहे
हमले से डरकर पीड़ित वहां से भागा। पुलिस ने उसकी रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।घटना स्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान और घटनाक्रम की पुष्टि हो सके।






