उदयपुर के शोभागपुरा इलाके में गुरुवार रात को रेस्टोरेंट में आग लगने से हड़कंप मच गया। अचानक रेस्टोरेंट के अंदर से धुएं का गुबार उठने लगा। देखते ही देखते आग बढ़ती चली गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची नगर निगम की फायर बिग्रेड की 2 गाड़ियों ने करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस दौरान फायर कर्मियों ने रेस्टोरेंट के अंदर फैले धुएं को निकालने के लिए मशीन लगाई। आग लगने के दौरान आसपास की दुकानों में अफरा तफरी मच गई। घटना गुरुवार की रात करीब 8 बजे कबाब एंड करीज रेस्टोरेंट की है।

शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा आग लगने का कारण
जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस दौरान यह भी सामने आया कि रेस्टोरेंट की चिमनी में लंबे समय से जमा ल्यूब्रिकेंट्स और चिकनाई के कारण आग तेजी से फैल गई। आग से अंदर रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान सहित अन्य जरूरी सामग्री जलकर राख हो गई। करीब 10 लाख रुपए का नुकसान होने का आकलन लगाया जा रहा है।
किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई
सबसे राहत की बात यह रही कि आग लगते ही लोग सतर्क हो गए और रेस्टोरेंट में मौजूद सभी लोग समय रहते बाहर निकल गएए। इससे किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई। आसपास के दुकानदारों ने भी समय पर सहयोग किया और मौके पर मौजूद लोगों ने पहले खुद नियंत्रण का प्रयास किया, उसके बाद फायर टीम ने मोर्चा संभाला।
नगर निगम की 2 फायर बिग्रेड मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग पर नियंत्रण के बाद भी रेस्टोरेंट के भीतर फैले धुएं को बाहर निकालने के लिए मशीन लगानी पड़ी। इस दौरान पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।





