Home » राजस्थान » भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस के दुष्प्रचार का खंडन करें, मोदी की योजनाओं का मनाए उत्सव:— अरूण सिंह

भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस के दुष्प्रचार का खंडन करें, मोदी की योजनाओं का मनाए उत्सव:— अरूण सिंह

भाजपा प्रदेश कार्यालय में वीबी जी रामजी जनजागरण अभियान की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने अभियान की विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा—निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वीबी—जी रामजी कानून को लेकर कांग्रेस और उसकी शीर्ष नेता सोनिया गांधी तक देश की जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही हैं। कांग्रेस नेताओं द्वारा जनभावनाओं को भड़काने का काम किया जा रहा है और वे बिचौलियों के साथ मिलकर कार्य कर रहे हैं। ऐसे में भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी बढ़ जाती है कि वह कांग्रेस के इस षड्यंत्र का मजबूती से खंडन करे।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरूण सिंह ने कहा कि भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को कांग्रेस के झूठे प्रचार का खंडन करने के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लाए गए इस कानून के प्रति जनता को उत्सव के भाव के साथ जागरूक करना होगा। उन्होंने कहा कि एक ओर झूठ का खंडन और दूसरी ओर जनजागरण का उत्सव—यही हमारी रणनीति होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने मनरेगा में व्याप्त भ्रष्टाचार, कुप्रबंधन और बदलते भारत की मांग के अनुरूप परिवर्तन करते हुए नए कानून के माध्यम से 100 दिनों के रोजगार को बढ़ाकर 125 दिन किया। इतना ही नहीं भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए व्यापक प्रावधान किए है। यह योजना विशेष रूप से ग्रामीण परिवेश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी के 2047 के विकसित भारत के संकल्प का नया स्वरूप है। जब ग्रामीण भारत विकसित होगा, तभी देश का विकास सुनिश्चित होगा।

राष्ट्रीय महामंत्री अरूण सिंह ने कहा कि कांग्रेस यह भ्रम फैला रही है कि लोगों को रोजगार नहीं मिलेगा, जबकि सच्चाई यह है कि मोदी सरकार ने कार्य दिवस बढ़ाए हैं। कांग्रेस यह भी दुष्प्रचार कर रही है कि योजना से महात्मा गांधी का नाम हटाया गया है, जबकि देश में सबसे अधिक योजनाओं के नाम बदलने का काम स्वयं कांग्रेस ने किया है। इसके अलावा, फसल की बुवाई और कटाई के समय 60 दिनों का ब्रेक देने का निर्णय मोदी सरकार का एक ऐतिहासिक फैसला है। जिससे फसल कटाई और बुवाई के समय देश के किसानों को पर्याप्त मजदूर मिल पाएंगे। अरुण सिंह ने कहा कि कांग्रेस जितना अधिक प्रधानमंत्री मोदी का विरोध करेगी, जनता उतनी ही मजबूती से कांग्रेस को जवाब देगी।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वीबी जी रामजी जनजागरण अभियान की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि एक ओर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, जो बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और पं. दीनदयाल उपाध्याय के विचारों के अनुसार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का काम कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी के नेता हैं जो हर योजना में कमी निकालने का काम करते हैं। चाहे वह सीएए हो, ईवीएम का मुद्दा हो या फिर एसआईआर—कांग्रेस हर विषय पर भ्रम फैलाने का प्रयास करती है। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि अब कांग्रेस को “जी रामजी” नाम से भी आपत्ति है। हमने तो राजस्थान से ‘रा’ और मध्यप्रदेश से ‘म’ लिया और महत्वपूर्ण परियोजना ईआरसीपी का नाम स्वतः ही ‘राम जल सेतु’ हो गया। यदि कांग्रेस को राम जी से ही दिक्कत है तो इसमें हम क्या कर सकते हैं। प्रकृति का नियम है कि जो होना है, वह होकर रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश धीरे-धीरे रामराज्य की ओर बढ़ रहा हैं।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आजादी के बाद से ही कांग्रेस ने देश को खोखला करने का काम किया है। वह हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति करती आई है, लेकिन अब मोदी का जमाना है। अब न तो भ्रष्टाचार करने दिया जाएगा और न ही भ्रष्टाचार को दबाया जाएगा। कांग्रेस को इस बात का दर्द है कि अब वे भ्रष्टाचार नहीं कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भ्रष्टाचार हुआ भी है तो मोदी सरकार उसे बाहर निकाल कर सामने लाएगी। सीएम शर्मा ने कहा कि कांग्रेस झूठ बोलने में नंबर वन है, भ्रम फैलाने में नंबर वन है और तुष्टिकरण में भी नबंर वन है, और उसी आधार पर राजनीति करना चाहती है। इसलिए झूठ का पर्दाफाश करना आज सबसे अधिक आवश्यक है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वीबी जी रामजी जनजागरण अभियान को लेकर गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचना होगा। लोगों को यह बताना होगा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 100 नहीं बल्कि 125 दिन का रोजगार दिया है और 15 दिन में मजदूरी देने की गारंटी दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी डबल इंजन सरकार युवाओं के रोजगार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार ने अब तक 1 लाख से अधिक युवाओं को नियुक्तियां दी हैं, 1.44 लाख भर्तियां प्रक्रिया में हैं और 1 लाख पदों का भर्ती कैलेंडर जारी किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को हमने पहले ही कह दिया था कि आप पेन और डायरी लेकर बैठ जाएं, हम आपको हर बात का हिसाब देंगे। पेपर लीक के मामलों पर बोलते हुए मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि अब तक 400 लोग जेल में हैं। अब यह तय करना कांग्रेस का काम है कि ये 400 लोग छोटी मछली हैं या बड़े मगरमच्छ। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पारदर्शिता, सुशासन और विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है और जनता के विश्वास पर पूरी तरह खरी उतरेगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस और बिचौलियों का ऐसा गठबंधन रहा है कि जब जब भाजपा भ्रष्टाचार पर प्रहार करती है तो बिचौलियों की कमाई रूकती है, तब तब कांग्रेस के पेट में दर्द होना शुरू हो जाता है। कांग्रेस को ना किसान से मतलब है ना ही मजदूर से। उसकी मजबूरी है क्योंकि भ्रष्टाचार रूकता है तो मार उसके बिचौलिए साथियों पर पड़ती है। उन्होंने कहा कि एक ओर 125 दिन रोजगार की गारंटी मिल रही है, तो दूसरी ओर जब किसान को बुवाई और कटाई के समय जरूरत हो तब 60 दिनों की छुट मिलेगी, जिसका लाभ गांव, गरीब और मजदूर को होगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि मनरेगा के नाम पर एक भी स्थाई काम आप को किसी गांव में देखने को नहीं मिलेगा। मनरेगा में स्थाई काम ना होना और बिना किसी योजना के कामों की स्वीकृति होना भ्रष्टाचार को प्रोत्साहित करता है। कांग्रेस के शासनकाल में एक ही परिवार के नाम पर अनेक योजनाओं के ना केवल नामकरण किए गए, बल्कि 600 से अधिक संस्थाओं एवं योजनाओं के नाम एक ही परिवार पर रखकर जिस तरह आजादी के आंदोलन में शामिल हुए स्वतंत्रता सैनानियों का अपमान किया, वह किसी से छिपा हुआ नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजभवन को लोकभवन, राजपथ को कर्त्तव्य पथ जैसे नाम देकर सत्ता नहीं, सेवा के संस्कार चरितार्थ किए। कार्यशाला में पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने वीबी जी रामजी जनजागरण अभियान की प्रस्तावना रखी, वहीं धन्यवाद ज्ञापित अभियान के संयोजक पूर्व सांसद जसवंत सिंह बिश्नोई ने किया। इस दौरान मंच पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, प्रेमचंद बैरवा, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगडी, भूपेंद्र सैनी, पूर्व मंत्री प्रभू लाल सैनी उपस्थित रहे।

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra

0
0

RELATED LATEST NEWS

Top Headlines

30 साल के युवक को नींद में आया हार्टअटैक, मौत:मुंबई से दोस्तों के साथ घूमने आया था राजस्थान, सुबह जगाया तो नहीं उठा

अजमेर में दोस्तों के साथ घूमने आए 30 साल के युवक को नींद में हार्ट अटैक आ गया। दोस्तों ने