अगर पुरुष का जन्म लेना गुनाह है तो आने वाले टाइम में कोई पुरुष का जन्म नहीं लेना चाहेगा। पुरुष के साथ इंसाफ नहीं होता है। इनके लिए कोई कानून और संविधान नहीं है। मरना मजबूरी है… कुछ नहीं कर सकते… कुछ होने वाला नहीं है…। मेरी सास और पत्नी दोनों ने मुझे धोखा दिया है।
यह वीडियो सुसाइड से पहले नावां शहर के दीपक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। सुबह दीपक के दोस्तों ने पोस्ट देखकर परिजनों को बताया। परिजनों ने दीपक के मोबाइल पर कॉल किया तो कोई जवाब नहीं मिला। उसके कमरे पर पहुंचे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था तब पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गेट खोला तो दीपक कमरे में फंदे पर लटका हुआ था।
मामला डीडवाना-कुचामन जिले के नावां शहर के नगर क्षेत्र में शुक्रवार का है। दीपक परिजनों से अलग किराए के मकान में रहता था। सुसाइड से पहले उसने तीन मिनट का वीडियो बनाकर गुरुवार रात 12 बजे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था।
नावां थानाधिकारी नन्दलाल रिणवा ने बताया कि मृतक का मोबाइल जब्त कर लिया है। वीडियो की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कांच की जड़ाई का काम करता था
युवक ने सुसाइड से पहले तीन मिनट का वीडियो बनाया। जिसमें उसने पत्नी नीतू पर पीहर रुपए भेजने का आरोप लगाया। साथ ही अपनी सास किरण और पत्नी पर भी गंभीर आरोप लगाए।
वीडियो में बोला- अगर पुरुष का जन्म लेना गुनाह है तो आने वाले टाइम में कोई पुरुष जन्म लेना नहीं चाहेगा। पुरुष के साथ इंसाफ नहीं होता है। इनके लिए कोई कानून और संविधान नहीं है।
इंसान को जीते जी उनको ऐसा कोई रास्ता नहीं दिखता है, जिससे वह बचने की कोशिश करें। मरना मजबूरी है… कुछ नहीं कर सकते… कुछ होने वाला नहीं है…।
पुलिस वाले के पास गया था, उन्होंने धमका कर बोला- तू तो ऐसा है कि लड़की को सही नहीं रखता है। अब उनको यह नहीं पता है की लड़की कैसी है। मुझसे शादी करने से पहले वह किसी के साथ गई थी।
मैं रिश्ता नहीं रखना चाहता था…उसकी मां ने दबाव बनाया और पहले कोर्ट और फिर आर्य समाज में शादी करवा दी। दो-तीन महीने होते थे, वह (पत्नी) किसी लड़के के साथ बात करती थी। फिर मैं उसके साथ मारपीट करता तो उसके घर वाले कहते कि तुम उसके साथ मारपीट करते हो।
मैंने उनकी बेटी के बारे में कई बार बोला, उन्हें सबूत भी दिखाए कि आपकी बेटी ऐसा करती है। लेकिन,उन्होंने फिर समझा कर उसे मेरे साथ भेज दिया। मां और बेटी दोनों ने मिलकर मेरे साथ बुरा किया।
मेरी सास मेरे ससुर को छोड़ चुकी है और किसी के साथ मिली हुई है। मेरी पत्नी और सास के साथ कुछ लोग मिले हुए हैं। जयपुर का एक लड़का, जो रेलवे में है वह मेरी पत्नी के साथ रिलेशन में है। उसका सबूत भी है। मेरी सास और पत्नी दोनों ने मुझे धोखा दिया। मेरे घरवालों पर केस कर दिया।

दोस्तों ने पोस्ट देखी तो घर पहुंचे, फंदे पर लटका मिला
दीपक ने रात 12 बजे अपना वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। सुबह जब दीपक के दोस्तों ने उसकी पोस्ट को देखा तो परिजनों को कॉल कर बताया। इसके बाद परिजनों ने उसे कॉल किया तो कोई जवाब नहीं मिला।
इसके परिजन उसके कमरे पर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया, लेकिन किसी ने जवाब नहीं दिया। तब पुलिस को सूचना दी। जब गेट खोला तो दीपक फंदे पर लटका हुआ था।
इधर, परिजनों ने वीडियो के आधार पर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। घर वालों का कहना है कि वीडियो में जिन लोगों के नाम हैं उन्हें गिरफ्तार किया जाए।

साल 2022 में हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार दीपक की शादी बोरुंदा जिला जोधपुर निवासी नीतू के साथ अजमेर के आर्य समाज में 21 मार्च 2022 को हुई थी। उनकी एक ढाई साल की बेटी ऋषिका है।
दीपक और नीतू की सगाई तय होने के बाद दीपक के ससुर ने सगाई तुड़वा दी थी, लेकिन सास किरण ने दोनों की आर्य समाज में शादी करवा दी। इसको लेकर सास किरण और ससुर में अनबन होने लगी। इसके बाद दोनों अलग रहने लगे।






