अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, एसओजी, राजस्थान विशाल बंसल ने बताया कि उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा-2021 के प्रश्नपत्र लीक प्रकरण में पंजीबद्ध प्रकरण संख्या 10/2024, पुलिस थाना एसओजी के अंतर्गत लंबे समय से फरार चल रहे ₹50,000/- के इनामी अभियुक्त अशोक कुमार को एसओजी द्वारा फलोदी पुलिस के सहयोग से आज दिनांक 02.02.2026 को गिरफ्तार किया गया है।
जांच में यह तथ्य सामने आया है कि अभियुक्त अशोक कुमार पुत्र जगमालराम, उम्र 31 वर्ष, निवासी ग्राम मटोल पाट, थाना फलोदी, जिला फलोदी द्वारा उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा-2021 के दौरान तीनों परीक्षा दिवसों (13.09.2021, 14.09.2021 एवं 15.09.2021) को विभिन्न अभ्यर्थियों के स्थान पर डमी परीक्षार्थी के रूप में बैठकर लिखित परीक्षा दी गई, जिसके परिणामस्वरूप संबंधित अभ्यर्थी अवैध रूप से चयनित हुए।
अभियुक्त द्वारा—
* दिनांक 13.09.2021 को श्याम प्रताप सिंह के स्थान पर
* दिनांक 14.09.2021 को श्रवण कुमार गोदारा के स्थान पर
* दिनांक 15.09.2021 को मदनलाल के स्थान पर
लिखित परीक्षा देकर संगठित धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया।
प्रकरण में पूर्व में श्याम प्रताप सिंह, श्रवण कुमार गोदारा एवं मदनलाल को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध न्यायालय में आरोप-पत्र प्रस्तुत किए जा चुके हैं। अभियुक्त अशोक कुमार वर्ष 2024 से फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर ₹50,000/- का इनाम घोषित किया गया था।
आज अभियुक्त को फलोदी पुलिस के समन्वय एवं सहयोग से दस्तयाब कर गिरफ्तार किया गया तथा न्यायालय में प्रस्तुत कर दिनांक 05.02.2026 तक पुलिस अभिरक्षा रिमांड प्राप्त किया गया है।
प्रकरण में अब तक 63 प्रशिक्षु उपनिरीक्षक, 06 चयनित उपनिरीक्षक सहित कुल 139 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एसओजी द्वारा प्रकरण की गहन एवं सतत विवेचना जारी है तथा इस संगठित परीक्षा घोटाले में संलिप्त सभी व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।






