कलक्ट्रेट सभागार स्थित आईटी केंद्र में मंगलवार को जिला कलक्टर चंपालाल जीनगर की अध्यक्षता में वीसी के माध्यम से जिला स्तरीय एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।बैठक में ग्राम उत्थान शिविरों के प्रथम चरण में हुए शिविरों की प्रगति की समीक्षा की गई।जिला कलक्टर ने विभिन्न गतिविधियों में प्रगति बढ़ाने के निर्देश देते हुए शिविरों के नोडल अधिकारियों को दैनिक प्रगति रिपोर्ट पोर्टल पर समय पर अपडेट करने के लिए कहा।

बैठक में जिले में वोटर लिस्ट अपडेशन को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने,हटवाने और संशोधन की प्रक्रिया की जानकारी दी।जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पंचायत चुनाव 2026 की तैयारी के मध्यनजर जिला निर्वाचन विभाग द्वारा मतदाता सूची के अपडेशन का कार्य तेजी से किया जा रहा है।इस दौरान उन्होंने बताया कि 1 जनवरी 2025 की मतदाता सूची के आधार पर ड्राफ्ट वोटर लिस्ट का प्रकाशन 29 जनवरी 2026 को किया जा चुका है।जिन मतदाताओं का नाम इस सूची में नहीं है और 01 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं,वे अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।इसके अलावा, जिन मतदाताओं का नाम सूची में है लेकिन वे अब अनुपस्थित,स्थानांतरित या मृत हैं,वे तथा उनके परिजन नाम हटवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से किया जा सकता है।इस दौरान उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने क्षेत्र के मतदाताओं की समस्या सुनकर समय रहते उनका नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करें ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी हो सके।
कलक्टर जीनगर ने बताया कि एमएसपी दर पर 24 नवंबर 2025 से फसल की खरीदारी शुरू की गई थी जो अब तक 70% की जा चुकी है।वहीं शेष कार्य सुगमता से पूर्ण करने के लिए संबंधित अधिकारी तत्परता से कार्य करें। इस दौरान उन्होंने रसद विभाग के अधिकारियों से एनएफएसए के आवेदनों की जानकारी लेते हुए उचित मूल्य की दुकानों पर खाद्य सुरक्षा के तहत वितरण प्रक्रिया की समीक्षा की।





