जयपुर के विद्याधर नगर इलाके में क्रॉस मॉल के पास मंगलवार रात करीब 12:30 बजे तेज रफ्तार कार ने चार साइकिलों को टक्कर मार दी। हादसे में एक मजदूर की मौके पर और एक की हॉस्पिटल में मौत हो गई। हादसे में घायल दो मजदूरों का हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, मजदूर मैरिज गार्डन में कैटरिंग का काम करने के बाद अलग-अलग साइकिलों से जालूपुरा स्थित अपने किराए के मकान की ओर जा रहे थे। इस दौरान तेज गति से आ रही कार ने उन्हें चपेट में ले लिया।
सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने देवत्त बेहरा उर्फ टप्पू (45), निवासी बालेश्वर (ओडिशा) को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल अमूल्य की इलाज के दौारन मौत हो गई। एक घायल संग्राम का हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।

थानाधिकारी हिम्मत सिंह ने बताया कि हादसे के समय करीब 18 से 20 कैटरिंग वर्कर साइकिलों से जालूपुरा लौट रहे थे। सभी मजदूर दूसरे राज्यों के रहने वाले हैं और वहीं किराए पर रहते हैं। क्रॉस मॉल के पास अचानक तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवारों को चपेट में ले लिया।
हादसे में साइकिलें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस को आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में संदिग्ध कार के नंबर मिले हैं, जिनके आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। मामले में ठेकेदार को भी बुलाकर पूछताछ की जा रही है।

कुछ अन्य लोगों को भी आई चोटें
वहीं घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और उन्होंने आक्रोश जताया। हादसे में कुछ अन्य लोगों को भी हल्की चोटें आईं, लेकिन वे अस्पताल नहीं गए। स्थिति को संभालने के लिए एडिशनल डीसीपी बजरंग सिंह शेखावत, एसीपी सुरेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों से समझाइश कर उन्हें शांत कराया।






