सीकर जिले की खाटूश्यामजी सदर थाना पुलिस ने अपहरण मामले में फरार चल रहे 2 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। दोनों अपराधी जिले के लामियां गांव की पचार रोड पर अजमेर के व्यापारी अमित खंडेलवाल की किडनैपिंग में शामिल थे। दोनों आरोपियों पर 20-20 हजार रुपए का इनाम घोषित था। इनमें से राजपाल जाखड़ सीकर जिले के मुख्य 10 अपराधियों में शामिल है।
SP प्रवीण नायक नूनावत ने बताया- दोनों अपराधियों ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर 8 जुलाई 2025 को अजमेर के व्यापारी को किडनैप कर मारपीट की थी।
गाड़ी रुकवाकर की थी मारपीट… किडनैप किया
खाटूश्यामजी सदर सीआई अमित नागोरा ने बताया- 8 जुलाई 2025 को खाटूश्यामजी दर्शन करने आया अजमेर निवासी व्यापारी लौट रहा था। इस दौरान लामियां गांव में बदमाशों ने व्यापारी की गाड़ी को रुकवाकर मारपीट की और किडनैप कर ले गए। गाड़ी में एक महिला भी सवार थी। बदमाशों ने महिला के साथ भी मारपीट की थी। इसके बाद पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू की। वारदात में शामिल 2 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले वारदात में शामिल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी
सीआई अमित नागोरा ने बताया- पुलिस लगातार आरोपियों का पीछा कर रही थी। काॅल डिटेल के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर भी दबिश दी। इसी बीच काॅन्स्टेबल प्रभुदयाल और काॅन्स्टेबल अशोक कुमार को मिली जानकारी और काॅन्स्टेबल रोहिताश्व को मिले टेक्निकल इनपुट के आधार पर फरार चल रहे पीलवा निवासी बदमाश राजपाल जाखड़ और रेखाराम लोरा को अजमेर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस की कार्रवाई में खाटूश्यामजी सदर थाना पुलिस टीम सहित काॅन्स्टेबल प्रभुदयाल, काॅन्स्टेबल अशोक कुमार और काॅन्स्टेबल रोहिताश्व का विशेष योगदान रहा।






