Home » राजस्थान » थाईलैंड राजकुमारी प्रिंसेस सिरिवन्नावरी नारिरताना राजकन्या 6 से 10 फरवरी तक रहेंगी राजस्थान प्रवास पर

थाईलैंड राजकुमारी प्रिंसेस सिरिवन्नावरी नारिरताना राजकन्या 6 से 10 फरवरी तक रहेंगी राजस्थान प्रवास पर

थाईलैंड की राजकुमारी प्रिंसेस सिरिवन्नावरी नारिरताना राजकन्या 6 से 10 फरवरी तक राजस्थान प्रवास पर रहेंगी।मुख्य सचिव वी.श्रीनिवास ने उनकी यात्रा प्रवास को लेकर बुधवार को शासन सचिवालय में रॉयल थाई एम्बेसी की एम्बेसडर सुश्री चवनार्ट थांगसुमफैंट सहित थाई एम्बेसी और विदेश मंत्रालय के प्रतिनिधियों के साथ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की।

मुख्य सचिव ने कहा कि राजस्थान की पूरे विश्व में अतिथि देवो भव:की परंपरा की अपनी अनूठी पहचान है।ऐसे में प्रिंसेस सिरिवन्नावरी नारिरताना राजकन्या की मेहमान नवाजी का अवसर मिलना राज्य के लिए हर्ष का विषय है।उन्होंने कहा कि थाई राजकुमारी का यह दौरा भारत-थाईलैंड संबंधों में और अधिक गहरे सामरिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों को प्रोत्साहित करेगा।

मुख्य सचिव ने प्रिंसेस की यात्रा के दौरान पुलिस तैयारियों,सुरक्षा इंतजामों, यातायात व्यवस्था,प्रोटोकॉल,संबंधी समस्त पहलूओं की विस्तृत समीक्षा की।

प्रिंसेस सिरिवन्नावरी नारिरताना राजकन्या अपने प्रवास के दौरान जयपुर एवं जोधपुर का भ्रमण करेंगी।जयपुर में वे आमेर किला,हवामहल,सिटी पैलेस, त्रिपोलिया बाजार सहित अन्य प्रमुख ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का अवलोकन करेंगी।इसके पश्चात जोधपुर में मेहरानगढ़ किला,उम्मेद भवन पैलेस, जसवंत थड़ा सहित अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण प्रस्तावित है।इस दौरान उन्हें राजस्थान की समृद्ध हस्तशिल्प कला,शिल्पकला,संस्कृति,विरासत एवं पारंपरिक आतिथ्य से भी अवगत कराया जाएगा।

रॉयल थाई एम्बेसी की एम्बेसडर चवनार्ट थांगसुमफैंट ने कहा कि राजकुमारी ने राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की पहचान से प्रभावित होकर अपनी इस यात्रा के लिए राजस्थान का चयन किया है।एंबेसडर ने राज्य सरकार द्वारा की जा रही समस्त तैयारियों के लिए मुख्य सचिव का आभार जताया।

बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव,पर्यटन, कला,साहित्य,संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग प्रवीण गुप्ता,प्रमुख शासन सचिव,सामान्य प्रशासन विभाग नवीन जैन,महानिदेशक पुलिस, (कानून एवं व्यवस्था) संजय कुमार अग्रवाल,जयपुर संभागीय आयुक्त पूनम,आयुक्त पर्यटन विभाग रूक्मणि रियार,जयपुर जिला कलेक्टर डॉ.जितेन्द्र कुमार सोनी के साथ थाई एम्बेसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इनके साथ ही पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा,जोधपुर संभागीय आयुक्त डॉ.प्रतिभा सिंह,जोधपुर कलेक्टर गौरव गोयल,जोधपुर पुलिस आयुक्त ओम प्रकाश वीसी के माध्यम से बैठक से जुड़े।

थाई प्रतिनिधिमंडल में थाईलैंड एम्बेसी से रॉयल थाई नेवी कैप्टन नत्तापोंग फान्नाराई,उप प्रमुख मिशन किरण मूंगटिन,राजनीतिक एवं आर्थिक सहायक अंजली सिंह,प्रथम सचिव फनुविट वेजसमफान,सीडीपी थोरानिन गजसेनी,प्रोटोकॉल सहायक डेनी जोसेफ,विदेश मंत्रालय थाईलैंड से चायनिन श्रीविसेथ महावाणिज्यदूत (कांसुल जनरल), कोलकाता जिरासक उपस्थित रहे।

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra

0
0

RELATED LATEST NEWS