जोधपुर शहर की सुरक्षा व्यवस्था के लिए अब बाइक पर भी रात में पुलिस गश्त शुरू की गई है। बुधवार देर रात 12 बजे पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने जालोरी गेट से पुलिसकर्मियों को रवाना किया। शहर की गलियों में गश्त बढ़ाने के लिए तीन दिन पहले ट्रायल शुरू किया गया था।
अब चाहे शहर के भीतरी क्षेत्र की तंग गलियां हों या फिर बाहरी क्षेत्र में दुर्गम घाटियां, सभी जगह पुलिस की गश्त पहुंचेगी।
पुलिस कमिश्नर ने ट्रायल बेस पर तीन दिन पहले शुरू किया था। नाइट गश्त के प्रभारी एडीसीपी (मुख्यालय) सुनील के. पंवार की देखरेख में गश्त के लिए बाइक्स को रवाना किया गया।

पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने बताया कि तीन दिन पहले गश्त की नई व्यवस्था लागू की गई। जिसके तहत बाइकों से कॉन्स्टेबल भीतरी शहर सहित कई जगहों में जाकर गश्त कर रहे हैं। इसका असर यह हुआ कि पिछले तीन दिन में चोरी की रिपोर्ट नहीं आई है। कोशिश है कि बुजुर्ग, महिलाएं और रात में काम करने वाले लोगों में सुरक्षा का माहौल बने और वह सुरक्षित होकर घरों से निकलें और अपना काम करें।
65-70 से बाइक करेंगी गश्त
उन्होंने कहा कि पुलिस बाइक पर रात में हर जगह घूमती नजर आई। आमतौर पर शिकायत थी कि पुलिस सघन इलाकों में गश्त नहीं कर पाती। इसी को देखते हुए 65 से 70 बाइक शहर की गश्त करने निलेंगी। तीन दिन में सीएलजी सदस्यों व वहां के जनप्रतिनिधियों से चर्चा की। इसके सार्थक परिणाम सामने आए।






