अजमेर में जिला सेशन कोर्ट के नए भवन को बम से उड़ाने की धमकी मिली। कलेक्टर लोकबंधु को भेजे गए धमकी भरे मेल में लिखा है- ‘आपके कोर्ट में 13 आरडीएक्स लगाएं गए है, जल्दी फटने वाले हैं।’
मामले की सूचना पर तुरंत सिविल लाइन थाना पुलिस, सीआईडी और डॉग स्क्वायड की टीम कोर्ट पहुंची। बम की धमकी को देखते हुए फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीम भी पहुंची ।
पुलिस ने कोर्ट परिसर से वकीलों और पीड़ित लोगों को बाहर निकाला। कोर्ट परिसर के चप्पे-चप्पे पर तलाशी की गई। हालांकि पुलिस को कुछ नहीं मिला, जिसके बाद राहत की सांस ली।
कोर्ट परिसर में सर्च के PHOTOS




सीओ शिवम जोशी ने बताया कि मेल के जरिए अजमेर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां एक्टिव हुई और सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
सीआईडी, डॉग स्क्वाड, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई थी। हालांकि तलाशी में कुछ भी बरामद नहीं हुआ। पूर्व में भी अजमेर कलेक्ट्रेट और दरगाह को धमकी मिली थी। जिसका मुकदमा भी दर्ज है। मामले में अनुसंधान जारी है।
पूर्व में कलेक्ट्रेट और दरगाह को मिली थी धमकी
अजमेर में कलेक्टर लोकबंधु को पूर्व में करीब तीन बार मेल के जरिए धमकी मिल चुकी है। जिसमें दो बार कलेक्ट्रेट और दरगाह को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। तीसरी बार में सिर्फ कलेक्ट्रेट को उड़ाने की धमकी मिली थी।
तीनों ही मामले में जिला कलेक्टर के प्रतिनिधि के जरिए सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज करवाया था। हालांकि उसे मामले में अभी तक पुलिस के हाथ में कुछ भी नहीं लगा है।






