दौसा शहरवासियों को शुक्रवार को भव्य टाउन हॉल एवं आवासीय योजना की सौगात मिली। कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा और नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने यहां खान भांकरी-आईटीआई रोड पर केएम वाटिका के पास आयोजित समारोह में स्वतंत्राता सेनानी कैप्टन छुट्टन लाल मीणा टाउन हॉल का लोकार्पण किया। इस अवसर पर दौसा-बांदीकुई नगर विकास न्यास (यूआईटी) की प्रथम आवासीय कॉलोनी पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर की पुस्तिका का विमोचन कर योजना को लॉन्च किया गया। साथ ही, राजीविका समूहों की महिलाओं को 2 करोड़ 51 लाख रुपए का ऋण वितरित किया गया।
कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि दौसा जिला विकास के पथ पर निरन्तर आगे बढ़ रहा है। हम सब जनप्रतिनिधियों की महती जिम्मेदारी है कि इस विकास यात्रा को तेज गति से आगे बढ़ाएं। राज्य सरकार का प्रयास है कि भविष्य में दौसा एक सुन्दर शहर बनकर उभरे। उन्होंने केन्द्र एवं राज्य सरकार की विकास प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार ने एक्सप्रेस-वे बनाकर मात्र दो घंटे में रोड से दिल्ली पहुंचने के सपने को साकार कर दिया। उन्होंने कहा कि ‘डबल इंजन’ सरकार के प्रयासों से दौसा को चम्बल एवं इसरदा का पानी मिलने लगेगा।
नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि दौसा में महानगरों की तर्ज पर हर आधुनिकतम सुविधाओं से युक्त टाउन हॉल बना है, जहां विभिन्न प्रकार के आयोजन सुगमतापूर्ण हो सकेंगे। इसी प्रकार नवसृजित यूआईटी की ओर से हर वर्ग के लोगों के लिए आधुनिक प्लानिंग के साथ आवासीय योजना लाई गई है, जहां स्टेडियम एवं हरित पट्टिका सहित हर सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने गत दो वर्ष के कार्यकाल में राज्य सरकार की ओर से किए कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में जल, विद्युत, कानून व्यवस्था एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी समस्याओं का तेजी से समाधान करवाया है। रामजल सेतु परियोजना से दौसा सहित 17 जिलों में पेयजल के साथ खेती के लिए पर्याप्त पानी की उपलब्धता हो सकेगी। इसी प्रकार शेखावाटी में यमुना का पानी लाने के लिए डीपीआर बनाने का काम अंतिम चरण में है। इसी साल शिलान्यास कराकर 2028 तक यमुना का जल शेखावाटी में लाने का प्रयास है।
टाउन हॉल में 700 लोगों के बैठने की व्यवस्था-
दौसा जिला कलक्टर श्री देवेन्द्र कुमार ने बताया कि 19 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित इस भव्य टाउन हॉल में 700 लोगों के बैठने की उत्तम व्यवस्था है। यह जिले के सांस्कृतिक और राजकीय कार्यक्रमों के लिए एक प्रमुख केंद्र बनेगा। इसके उपयोग के लिए एक नीति निर्धारित की जा रही है, जिसके अंतर्गत एक निश्चित शुल्क तय किया जाएगा। इसके बाद निजी क्षेत्र, विभिन्न समुदाय या कोई भी संगठन इस टाउन हॉल का उपयोग अपने आयोजनों के लिए कर सकेंगे। टाउन हॉल बनने से स्थानीय कला और संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के लिए ऑनलाइन आवेदन-
दौसा जिला कलक्टर ने बताया कि बहु प्रतीक्षित पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर योजना की लॉन्चिंग के साथ ही आवेदन फॉर्म यूआईटी की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन उपलब्ध है। सभी आवेदन ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। इस योजना में कुल लगभग 1200 प्लॉट हैं। पहले चरण में 300 प्लॉट आरक्षित किए गए हैं, जिनका आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। मांग अधिक रहने पर प्लॉट की संख्या बढ़ाई भी जा सकती है। कॉलोनी को आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए कई सुविधाएं दी गई हैं, जिनमें 8 हेक्टेयर में फैला एक बड़ा स्टेडियम, चौड़ी सड़कों का जाल, पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए हरी पट्टी (ग्रीन बेल्ट) और पार्कों का प्रावधान सहित सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
समारोह में अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित थे ।






