जोधपुर में क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर साइबर फ्रॉड करने का मामला सामने आया है। ठगों ने पीड़ित को झांसे में लेकर करीब दो लाख रुपए की ठगी की वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
तिलक नगर तृतीय भदवासिया निवासी पप्पू चावड़ा ने महामंदिर थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि 18 जनवरी की शाम 5 बजे उसके पास एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने उसे बताया कि वह कस्टमर केयर से बोल रहा है और उसके एसबीआई क्रेडिट कार्ड पर क्रेडिट लिमिट बढ़ाने का ऑफर है और उसके कार्ड की लिमिट बढ़ाई जा सकती है।
ओटीपी बताने पर निकाल ली राशि
आगे बताया कि इसके बाद ठगों ने पीड़ित के मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजा, जिस पर पीड़ित ने ट्रांजैक्शन लिमिट बढ़ाने का ओटीपी मानकर उसे बता दिया। इसके बाद आरोपियों ने उसके क्रेडिट कार्ड से 198000 का ट्रांजैक्शन कर लिया गया।
इस पर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ तो उसने एसबीआई क्रेडिट कार्ड कस्टमर केयर को इस संबंध में जानकारी दी। वहां पर भी उसके समस्या का समाधान नहीं होने पर पीड़ित ने शुक्रवार को महामंदिर थाने में ठगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






