जमवारामगढ़ क्षेत्र में रविवार को सड़क हादसे में मां, बेटे और बहू की मौत हो गई। यह हादसा रोड़ा नदी के पास हुआ, जहां उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। तीनों एक ही बाइक पर सवार थे।
मृतकों की पहचान गोपालगढ़ निवासी बिट्टू लुहार (26), उनकी मां बल्लू देवी (42) और पत्नी भावना लुहार (19) के रूप में हुई है। तीनों निम्बी गांव में एक दुकान मालिक के परिवार के लग्न टीका कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।

घर से निकलने के लगभग 7 किलोमीटर बाद रोड़ा नदी के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर उछलकर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर जमवारामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को एम्बुलेंस से जमवारामगढ़ उपजिला अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया।

हादसे में बिट्टू की चार महीने की गर्भवती पत्नी भावना लुहार की भी मौत हो गई। बिट्टू और भावना की शादी एक साल पहले हुई थी। भावना गणेशपुरी, गलता गेट की रहने वाली थीं।
मृतक बिट्टू लुहार एक चाय की दुकान पर काम करते थे। वह उसी दुकान मालिक के परिवार में 10 फरवरी को होने वाली शादी और 8 फरवरी को आयोजित लग्न-टीका कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपनी मां और पत्नी के साथ निम्बी गांव जा रहे थे।






