भीलवाड़ा में आसींद पुलिस की गश्त टीम नेशनल हाईवे-158 (ब्यावर-जोधपुर) पर पड़ासोली चौराहे के पास एक होलसेल किराने की शॉप में चोरी करते 4 बदमाशों को पकड़ा।
क्षेत्राधिकार बदनौर का होने के कारण आरोपी बदनौर पुलिस को सौंप दिए। बदनौर पुलिस ने चोरों को शांतिभंग की धारा में पाबंद कर छोड़ दिया।
दुकान से जब्त की गई सीसीटीवी कैमरे की डिस्क को पुलिस ने खाली कर दिया था। दुकानदार ने इसका विरोध किया तो उसे भी हवालात में डाल दिया।
भास्कर ने इस मामले सीसीटीवी खंगाले, जिसमें साफ तौर पर चोर दिख रहे हैं।
मामला 27 जनवरी का है, तब मौके पर आसींद पुलिस पहुंच गई थी और चोरों को पकड़ लिया था।
28 जनवरी की सुबह इन चारों आरोपियों को बदनौर पुलिस के हवाले कर दिया गया था। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा ही दर्ज नहीं किया।
मामले में लापरवाही सामने आने पर ब्यावर एसपी ने 4 फरवरी को बदनौर एसएचओ को लाइन हाजिर कर दिया है।
शॉप का शटर तोड़ते पकड़े गए थे चार चोर पड़ासोली इलाके के रहने वाले सुरेश साहू ने रिपोर्ट दी कि 27 जनवरी तड़के करीब 3 बजे दुकान में चोरी की सूचना मिली थी। इस पर उन्होंने तुरंत आसींद थाना पुलिस को सूचना दी और खुद भी मौके पर पहुंचे। मौके पर देखा कि उनकी दुकान का एक शटर टूटा पड़ा है। दूसरे शटर को तोड़ने की कोशिश की जा रही थी।
पीड़ित दुकानदार सुरेश साहू ने बताया कि आसींद एसएचओ ने 27 जनवरी की सुबह चार बजे ही बुला लिया।
जब रिपोर्ट दी तो बताया कि एरिया ब्यावर जिले के बदनौर का आ रहा है। जब वे 28 जनवरी को बदनौर थाने में रिपोर्ट देने गए तो पहले तर्क दिया कि चोरी करने आए थे, इसलिए शटर तो तोड़ा लेकिन चोरी नहीं की। ऐसे में उनको छोड़ दिया।
आरोप है कि जब पीड़ित ने विरोध किया तो उन्हें हवालात में बंद कर दिया। 28 जनवरी को सीसीटीवी फुटेज के साथ रिपोर्ट दी लेकिन एसएचओ ने सुनवाई नहीं की। इसके बाद 31 जनवरी को इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
सुरेश साहू ने पुलिस के आने से पहले ही चोरी की घटना के सीसीटीवी फुटेज ले लिए और यही सबूत बन गया।

चोरी की रिपोर्ट पर 151 में पाबंद कर क्यों छोड़ा? बदनौर के तत्कालीन थाना प्रभारी महादेव प्रसाद ने कहा- इस मामले में नए थानेदार से पूछो, मुझे तो पता नहीं है। मेरा बदनौर से ट्रांसफर हो गया है।
इस लापरवाही को देखते हुए ब्यावर एसपी ने बदनौर के एसएचओ महादेव प्रसाद को लाइनहाजिर कर दिया। उनकी जगह शंभूदयाल मीणा को बदनौर थाना प्रभारी बनाया है। मामले की जांच जारी है।

ब्यावर पुलिस अधीक्षक रतन सिंह ने कहा कि यह सही बात है आसींद पुलिस ने चार लोगों को पड़ासोली चौराहे पर चोरी करते पकड़ा। इसका सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध है। मौके से शटर तोड़ने के उपकरण भी बरामद किए हैं। इसमें एसएचओ ने चोरी की घटना की जगह आरोपियों को केवल 151 में पाबंद कर छोड़ दिया। इसमें लापरवाही रही है। एसएचओ को लाइन हाजिर कर दिया। अब इसकी जांच करवा रहे हैं।

नए एसएचओ बोले, आरोपियों को पकड़ा जाएगा बदनौर थाना प्रभारी शंभूदयाल मीणा ने कहा- सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द पकड़ा जाएगा। 151 में पाबंद करने के फैसले की जिम्मेदारी पूर्व एसएचओ की है।





