विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अजमेर नगर निगम अधिकारियों को बारिश से पूर्व पूरे एस्केप चैनल की गहराई से सफाई करवाने के निर्देश दिए हैं ताकि पानी के बहाव में किसी तरह की बाधा नहीं आए। केसरबाग पुलिया ऊंची करने का काम भी जल्द शुरू होगा। उन्होंने विभिन्न विभागों से कहा कि आमजन के काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी, अफसरों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सोमवार को सर्किट हाउस में नगर निगम, एडीए, जलदाय, टाटा पावर व सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में आगामी बारिश के मौसम से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां करने तथा विकास कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में जिला कलक्टर लोक बन्धु, नगर निगम आयुक्त देशल दान, एडीए आयुक्त श्रीमती नित्या के. सहित अधिकारी उपस्थित रहे। देवनानी ने कहा कि कुछ महीनों बाद बारिश का मौसम आएगा। अभी से यह तैयारी करें कि सड़कों, कॉलोनी व क्षेत्रों में जलभराव न हो। केसरबाग पुलिया ऊंची करने का काम जल्द शुरू हो। ब्रह्मपुरी नाले की दीवार ऊंची की जाए। साथ ही बारिश से पूर्व एस्केप चैनल की गहराई से सफाई कर ली जाए। इसके साथ ही ब्रह्मपुरी व अन्य कॉलोनियों में जलभराव रोकने के लिए सभी आवश्यक संसाधन जुटा लिए जाएं। टाटा पावर व जलदाय विभाग यह सुनिश्चित करेंगे कि एस्केप चैनल व जलभराव व बहाव वाले क्षेत्रों से उनकी लाईनें समय रहते शिफ्ट हो जाएं।
उन्होंने वर्षा पूर्व राहत कार्यों को सर्वाेच्च प्राथमिकता पर लेते हुए समुचित जल निकासी, नालों की सफाई, सड़क सुधार और निर्माण कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। जहां कचरा फंसने या संरचनात्मक बाधाओं के कारण जल प्रवाह रुकता है, वहां पुलिया की सफाई, मरम्मत एवं आवश्यक निर्माण कार्य किए जाएं।
इसके साथ ही निर्माण कार्य में बाधा बन रही पेयजल एवं विद्युत लाइनों को शिफ्ट करने की प्रक्रिया अमल में लाने के लिए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग एवं टाटा पावर से समन्वय स्थापित करने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिए कि गलियों एवं मुख्य सड़कों पर जलभराव नहीं हो, इसके लिए क्षेत्रवार सर्वे कर सुधारात्मक कार्यों का प्रारूप शीघ्र तैयार किया जाए और वर्षा से पूर्व सभी आवश्यक रिलीफ कार्य पूर्ण किए जाएं।
उन्होंने बोराज तालाब की पाल निर्माण कार्य की जानकारी ली। राजकीय महात्मा गांधी विद्यालय बोराज क्षेत्र में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही, संबंधित सभी कार्यों के टेंडर समयबद्ध रूप से जारी कर उन्हें वर्षा पूर्व पूर्ण कराने को कहा।
उन्होने यातायात जाम की समस्या के समाधान के लिए कनक सागर होटल के समीप स्थित ट्रांसफार्मर को अन्यत्र स्थानांतरित करने के निर्देश टाटा पावर के अधिकारियों को दिए।
एडीए के अधिकारियों से नवीन सड़कों के सर्वे एवं प्रगति की जानकारी लेते हुए महावीर सर्किल से आगरा गेट तक सड़क चौड़ीकरण, नगर निगम के सामने प्रस्तावित 100 फीट सड़क का एस्टीमेट तैयार करने, स्टीफन चौराहे से भेरूवाड़ा होते हुए सड़क विकास कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने डीएमएफटी फंड से विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षा कक्ष निर्माण, कन्वेंशन सेंटर का कार्य शीघ्र प्रारंभ करने तथा प्रवेश द्वार का निर्माण जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही वरुणसागर एवं चौरसियावास तालाब क्षेत्र के सौंदर्यीकरण कार्यों के लिए टेंडर जारी कर कार्यों में गति लाने को कहा।
विधानसभा अध्यक्ष ने एडीए द्वारा निर्माणाधीन नालों की समीक्षा करते हुए शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। हाथीखेड़ा क्षेत्र में आवासीय कॉलोनी के लिए भूमि चिन्हित करने पर भी चर्चा की।
उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को रामसेतु के नीचे दोपहिया वाहन पार्किंग विकसित करने, वेंडिंग एवं नॉन-वेंडिंग जोन निर्धारित करने तथा महिला शौचालय एवं अग्निशमन यंत्रों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को निर्देशित किया। उन्होंने स्टेडियम का काम अगस्त तक पूरा करने एवं कन्वेंशन सेन्टर का काम जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने राजस्थान पत्रिका कार्यालय के समीप स्थित भूमि पर अतिक्रमण रोकने के लिए फेंसिंग कराने, निगम क्षेत्र में नव जुड़े क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था एवं नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और अजमेर शहर को वर्षा के दौरान जलभराव से मुक्त रखने तथा विकास कार्यों को समय पर पूर्ण करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।






