राजस्थान में अब दिन गर्म होने लगे हैं। यहां तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री तक ऊपर दर्ज हो रहा है। दिन में तेज धूप रहने से लोगों को हल्की गर्मी का एहसास हो रहा है।
बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर समेत 8 शहरों में सोमवार को अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
वहीं, कुछ शहरों में रात में भी सर्दी अब धीरे-धीरे कम होने लगी है। जैसलमेर, फलोदी और बीकानेर में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने राज्य में अगले 3-4 दिनों तक मौसम साफ रहने और तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होने का अनुमान जताया है।
पिछले 24 घंटों के मौसम की बात करें तो उत्तरी जिलों को छोड़कर बाकी सभी जगहों पर आसमान साफ रहा और तेज धूप खिली रही। बीकानेर, गंगानगर और हनुमानगढ़ के इलाकों में सुबह से दोपहर तक हल्के बादल छाए रहे, लेकिन शाम होते-होते यहां भी आसमान साफ हो गया।

सोमवार को दिन में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में दर्ज किया गया। बाड़मेर के अलावा जैसलमेर, जोधपुर और बीकानेर में 30.6-30.6, फलोदी और जवाई (पाली) में 30.2, डूंगरपुर में 30.1, जालौर में 30 और चित्तौड़गढ़ में 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन सभी शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री ऊपर रहा।
इन शहरों के अलावा भीलवाड़ा में अधिकतम तापमान 29.3, जयपुर में 27, अजमेर में 28.4, पिलानी में 26.9, सीकर में 27.4, उदयपुर में 29.5, कोटा में 27.9, चूरू में 29.8, गंगानगर में 26.3 और नागौर में 29.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन सभी शहरों में भी अधिकतम तापमान औसत से 2 डिग्री ऊपर दर्ज हुआ।
रात में कम होने लगी सर्दी दिन में तापमान चढ़ने के साथ अब रात में भी तापमान बढ़ने लगा है। इस कारण कुछ शहरों में अब लोगों को रात की तेज सर्दी से थोड़ी राहत मिलनी शुरू हो गई। डूंगरपुर में न्यूनतम तापमान 14.9, बीकानेर में 15.3, जैसलमेर में 14.6, जयपुर में 13.7, प्रतापगढ़ में 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यहां अन्य दिनों की तुलना में कल कम सर्दी रही। सबसे ठंडा इलाका पाली रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।






