जिला कलक्टर चंपालाल जीनगर ने सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि संपर्क पोर्टल पर मिलने वाली शिकायतों को लंबित नहीं रखें, उनका तुरंत निस्तारण करें। साथ ही शिकायतों में संतुष्टि प्रतिशत भी बढ़ाएं। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं में सभी विभाग राज्य स्तर से आवंटित लक्ष्यों में शत्-प्रतिशत उपलब्धि अर्जित कर पात्र लोगों को लाभान्वित करें। विभागवार समीक्षा करते हुए उन्होंने यूडीआईडी कार्ड बनाने से शेष आवेदनों की जांच कर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों से कहा कि लाडो प्रोत्साहन योजना में बालिका के जन्म के समय ही आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति करें जिससे अस्पतालों में लम्बित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण किया जा सके। उन्होंने जननी सुरक्षा योजना, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, सिविल वर्क, मौसमी बीमारियों एवं पीएमजेएसवाई कार्ड वितरण, आयुष्मान कार्ड आदि की जानकारी भी ली। उन्होंने डिस्कॉम अधिकारियों से आरडीएसएस के कार्य, जीएसएस कार्य, पीएम सूर्यघर मुक्त बिजली योजना, बिजली कनेक्शन आदि की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षित राजस्थान अभियान के तहत सभी शिक्षा अधिकारियों को निरीक्षण के लक्ष्य पूरे करने, शिक्षा विभाग की सभी योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर विद्यार्थियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर परिषद क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों में नालें, नालियों व ड्रेनेज सिस्टम की जांच कर लेवल को बनाये रखने के लिए सभी एजेंसियों को पाबन्द करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने आपदा राहत के तहत भवनों, सड़कों, स्कूल भवनों, आंगनवाड़ी केन्द्रों के मरम्मत आदि कार्यों की मौके पर जांच करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों व स्कूल भवनों के मरम्मत के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना में तत्परता से कार्य करवाने एवं स्वच्छ भारत मिशन के तहत किए जाने वाले कार्यों में गति लाने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान उन्होंने समसा के अधिकारियों से कहा कि वह जिले में समय-समय पर निरीक्षण कर उचित रिपोर्ट भी भेजें।





