पाली में देर रात एफएसएल वैन को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक कॉन्स्टेबल की मौत हो गई। कॉन्स्टेबल एफएसएल टीम को एक दिन पहले बदमाशों के साथ हुई मुठभेड़ वाली जगह लेकर गए थे।
सैंपल लेने गई टीम ढाबे पर खाना खाने रुकी थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने वैन को उड़ा दिया। हादसा शहर के ट्रांसपोर्ट नगर थाना इलाके में शुक्रवार रात 10.30 बजे हनुमान ढाबे के बाहर हुआ।

वैन से उतरने के दौरान ट्रक ने मारी टक्कर
ट्रांसपोर्ट नगर थाना अधिकारी हनुवंस सिंह सिसोदिया ने बताया एक्सीडेंट में पुलिस लाइन में पोस्टेड कॉन्स्टेबल दुर्गादान चारण की मौत हुई है। सरवड़ी (बालोतरा) के रहने वाले दुर्गादान एफएसएल टीम के साथ थे।
जयपुर-पाली हाईवे के हनुमान ढाबे पर टीम खाना खाने के लिए रुकी थी। टीम के अन्य लोग ढाबे के अंदर चले गए थे, लेकिन दुर्गादान वैन से पानी की बोतल निकाल रहे थे। वे उतर ही रहे थे कि सोजत की तरफ से आ रहे ट्रक ने वैन को टक्कर मार दी।

हाथ-पैर फ्रैक्चर हुए, पसलियां टूटीं
दुर्गादान को उनके साथी पुलिसकर्मी पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उनके साथियों ने बताया कि टक्कर लगते ही वैन तेजी से घुमी, जिसकी चपेट में दुर्गाराम भी आ गए। उनके हाथ-पैर फ्रैक्चर हो गए थे। इसके साथ ही सीने की पसलियां टूट गई थीं।

मुठभेड़ में हुई थी एक युवक की मौत
दरअसल, गुरुवार देर रात पाली की एंटी नारकोटिक्स फोर्स और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई थी। खिंवाड़ा थाना क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ में युवक भूटाराम (36) निवासी सरनाडा डांगियावास (जोधपुर) की मौत हो गई। पाली पुलिस और एफएसएल की टीम शुक्रवार शाम को उसी जगह सैंपल लेने गई थी। पाली वापस लौटने के दौरान वैन का एक्सीडेंट हो गया।






