अलवर शहर में एक युवक के साथ कथित मारपीट और लूटपाट का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। इस घटना में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस और अदालत अब साक्ष्यों के आधार पर सच्चाई का पता लगाने में जुटी है।
नशे में धुत युवकों ने किया हमला, चेन और नकदी छीनी
परिवादी सोनपाल उर्फ सोनू (27 वर्ष), निवासी गुणसार बीबीरानी, तहसील कोटकासिम, जिला खैरथल-तिजारा ने अपनी शिकायत में बताया कि 16 जनवरी 2026 की शाम करीब 7 से 7:30 बजे वह अपने परिचित हरकेश के साथ टेल्को सर्किल स्थित होटल हांडी दरबार के पास एक चाय की दुकान पर खड़े थे। इसी दौरान डिफेंस कॉलोनी निवासी अशोक और दीपक अपने दो अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे।
सोनपाल के मुताबिक, चारों युवक नशे की हालत में थे और अशोक के हाथ में बेसबॉल बैट था। आरोप है कि पहले गाली-गलौच हुई, फिर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। दीपक ने उसके के बाल पकड़कर गिराया और गुप्तांग पर लात मारी, जबकि अशोक ने बेसबॉल बैट से हमला कर उसके बाएं हाथ को फ्रैक्चर कर दिया। बीच-बचाव करने आए हरकेश के साथ भी मारपीट कर उसे बेहोश कर दिया गया।
सोनपाल ने यह भी दावा किया कि मारपीट के दौरान उसकी जेब से 2800 रुपये नकद और गले से करीब 52 ग्राम वजनी चांदी की चेन छीन ली गई। साथ ही, शिकायत करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई।
दूसरा पक्ष बोला- दादागिरी करने वाले ने हमें पीटा
वहीं, क्यूआरटी जवान अशोक ने इन आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है। अशोक का कहना है कि 15 जनवरी को सोनपाल ने एक पड़ोसी दुकानदार के साथ मारपीट की थी। अगले दिन, 16 जनवरी को जब वह रीट परीक्षा की ड्यूटी से लौट रहा था, तो सोनपाल को गली में आपत्तिजनक स्थिति में देखकर टोका। इस पर कहासुनी हुई और कुछ देर बाद सोनपाल अपने 4-5 साथियों के साथ आकर उसके साथ मारपीट करने लगा। अशोक को बचाने आए कॉलोनी के एक लेक्चरर दीपक के साथ भी मारपीट की गई।
अशोक ने बताया कि उसने अगले दिन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई और उसके पास मारपीट के सबूत भी हैं। उसने कहा कि वह किसी तरह का नशा नहीं करता, साथ ही अशोक ने सोनपाल पर कॉलोनी में दादागिरी करने तथा आए दिन विवाद पैदा करने के आरोप लगाए। फिलहाल मामला पुलिस और न्यायालय के संज्ञान में है। जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।






