भिवाड़ी थाना पुलिस ने राजकीय पशु ऊंट की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चार मादा ऊंट और एक पिकअप वाहन जब्त किया। यह कार्रवाई थानाधिकारी सचिन शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने की।
थानाधिकारी सचिन शर्मा ने बताया कि 13 फरवरी की रात हेड कॉन्स्टेबल सुनील कुमार को सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, राजस्थान से हरियाणा की ओर एक पिकअप वाहन में ऊंटों की तस्करी की जा रही थी।
इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने राम चौक भिवाड़ी के पास नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर उसके चालक से पूछताछ की गई।

चालक ने अपनी पहचान फरहान उर्फ रहमान (21) पुत्र रसीद मेव, निवासी सलुम्बा, नूंह मेवात, हरियाणा के रूप में बताई। तलाशी लेने पर पिकअप में चार मादा ऊंट ठूंस-ठूंस कर भरे हुए पाए गए। इन ऊंटों के पैर और मुंह रस्सियों से बंधे थे और उन पर चोटों के निशान भी थे।
पूछताछ के बाद पुलिस ने पिकअप वाहन और ऊंटों को जब्त कर लिया। आरोपी को राजस्थान ऊंट वध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है।

जब्त किए गए ऊंटों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद उन्हें चारा-पानी की व्यवस्था के लिए बाबा मोहनराम गौशाला, काली खोली, मिलकपुर में छोड़ दिया गया। इस संबंध में थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
पुलिस आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच कर रही है और इस तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी सचिन शर्मा और हेड कॉन्स्टेबल सुनील कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।





