फैक्ट्री में काम करते-करते अचानक 21 साल के युवक को उल्टियां होने लगी। उसे हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। परिवार का कहना है कि युवक को कोई बीमारी नहीं थी। ऐसे में मौत का कारण सामने नहीं आ पाया है। वह परिवार का इकलौता बेटा था।
युवक अलवर शहर के स्वर्ग रोड का रहने वाले लव सैनी (21) था। ईटाराणा स्थित आयशर फैक्ट्री में काम करता था।
तबीयत खराब होने के 30 मिनट के अंदर मौत
युवक के ताऊ लोकेश कुमार ने बताया कि उसका भतीजा लव सैनी पुत्र कैलाश सैनी शनिवार सुबह साढ़े 5 बजे काली मोरी के पास स्थित आयशर फैक्ट्री में काम करने गया था। फैक्ट्री पहुंचने के करीब आधे घंटे बाद ही उसकी अचानक तबीयत खराब हो गई।
उसके साथ काम करने वालों उसकी हालत के बारे में पता चला। उसे जिला हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। फैक्ट्री से हॉस्पिटल लाने में 30 मिनट का ही समय लगा होगा।
परिवार का इकलौता बेटा था
युवक अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी दो छोटी बहनें हैं। पिता कैलाश सैनी एक निजी हॉस्पिटल में चाय की दुकान चलाते हैं। कोतवाली थाना पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर शव को मोर्चरी में रखवाया। मृतक के चाचा का कहना है कि कुछ पता नहीं चल पाया कि मौत कैसे हुई। वे हॉस्पिटल आए उससे पहले तो मौत हो गई।




