शहरी विकास और आवास राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा- खाटूश्यामजी में प्राइवेट पार्किंग वालों पर कार्रवाई। ज्यादा शुल्क वसूलने और श्रद्धालुओं के साथ मारपीट करने के मामले कई बार सामने आए हैं। लीगल पार्किंग वालों को निर्धारित दर सूची चिपकानी होगी। अवैध पार्किंग बंद करवाई जाएगी। सरकारी जमीन पर पार्किंग के लिए श्रद्धालुओं को एक रुपया देने की जरुरत नहीं है। बदमाशी करने वालों पर पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम कार्रवाई करेगी।
सीकर सर्किट हाउस में रविवार को शहरी विकास और आवास राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने प्रेस कांफ्रेंस की। राज्यमंत्री खर्रा ने कहा कि प्रदेश सरकार के बजट में यमुना जल परियोजना के लिए 32 हजार करोड़ मंजूर हुए हैं। कोशिश है कि 2026 में पीएम के हाथों इस योजना का शिलान्यास करवा दिया जाए।
पिछली गहलोत सरकार की तुलना में राज्य की अर्थव्यवस्था का आकार 41.39% बढ़ गया है। प्रति व्यक्ति आय पहली बार 2 लाख रुपये से ज्यादा हो जाएगी, जो 2023-24 से 21.15 प्रतिशत ज्यादा है। इस बजट में इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए 2023-24 से 2 गुना प्रावधान किया गया है। चिकित्सा व स्वास्थ्य के लिए 2023-24 के बजट से 53 प्रतिशत ज्यादा का प्रावधान किया है। शिक्षा के लिए 2023-24 के बजट से 35 प्रतिशत ज्यादा का प्रावधान रखा है। कृषि बजट पिछले साल से 7.59 प्रतिशत ज्यादा है।
सिटी बस के रूटों को रीवाइज किया जाएगा।
शहरी विकास और आवास राज्यमंत्री खर्रा ने सीकर में विकास कार्यों को लेकर अपनी योजनाओं का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि सीकर नगर परिषद की सीमा विस्तार के साथ ही UIT क्षेत्र की सीमा का विस्तार भी किया जाएगा। इसके बाद सिटी बस के रूटों को रीवाइज किया जाएगा।
अतिक्रमण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि मीडिया की वजह से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में बाधा आती है, क्योंकि मीडिया अतिक्रमियों का पक्ष भी लिखने लगता है। सीकर के मास्टर प्लान में आई आपत्तियों को ध्यान में रखते हुए, अब संशोधित या नया मास्टर प्लान जमीनी स्टडी के साथ तैयार किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का प्रयास है कि हर निकाय क्षेत्र में लैंड बैंक हो, जिससे सीकर में भी सरकारी आवासीय कॉलोनी की संभावनाएं बन सकें।
निकाय चुनावों के लिए भाजपा तैयार, शेखावाटी में प्रदर्शन सुधार पर जोर
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने कहा कि भाजपा पंचायती राज और निकाय चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार है, भले ही चुनाव 15 मार्च को ही क्यों न हो जाएं। उन्होंने बताया कि टिकट वितरण के लिए थ्री लेयर कमेटी बनाई गई है, जो जमीनी आधार और जिताऊ कैंडिडेट के नाम पर टिकट देगी।
भाजपा हर समय चुनाव के लिए तैयार है और पूरी रणनीति के साथ जनता के बीच जाएगी। शेखावाटी में प्रदर्शन सुधार के लिए जल्द ही जिला स्तरीय अधिकारियों की मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के साथ मीटिंग होगी। इस दौरान धोद विधायक गोवर्धन वर्मा, जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा, पूर्व विधायक रतन जलधारी, जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़, ADM सिटी भावना शर्मा, बजरंगलाल शर्मा, CPO अंजलि आदि मौजूद थे।






