बाड़मेर जिले की सदर पुलिस ने ऑपरेशन धरकरभर अभियान के तहत एनडीपीएस मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई 7 महीने पहले तिरसिंगड़ी गांव में पकड़े गए 789 किलो 70 ग्राम डोडा पोस्त केस से जुड़ी है।
दोनों आरोपियों को भीलवाड़ा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल पुलिस मादक पदार्थ की खरीद फरोख्त को लेकर पूछताछ कर रही है।
7 महीने पहले तिरसिंगड़ी में पकड़ा गया था डोडा पोस्त
बाड़मेर ग्रामीण थाना पुलिस ने 27 जुलाई को तिरसिंगड़ी गांव में कार्रवाई करते हुए 789 किलो 70 ग्राम अवैध डोडा पोस्त और एक स्कार्पियो गाड़ी जब्त की थी।
मौके से नगर खान पुत्र हुसैन खान मुसलमान निवासी तिरसिंगड़ी को गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया।
पूछताछ में सामने आए अन्य नाम
गिरफ्तार आरोपी नगर खान से पूछताछ के दौरान अनवर खान का नाम सामने आया। उससे आगे पूछताछ में रवि उर्फ रविंद्र पुत्र मन मोहन निवासी पिपलिया मंडी मंदसौर मध्यप्रदेश और पारस उर्फ प्रकाश पुत्र चिन्नाराम निवासी सेवनियाला थाना बायतु के नाम उजागर हुए। पुलिस टीमों ने दोनों के ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वे फरार मिले।
भीलवाड़ा जेल से लाकर की गिरफ्तारी
फरार आरोपियों के जेल में बंद होने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने दोनों को भीलवाड़ा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की और बाद में गिरफ्तार कर लिया।
एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि पुलिस मुख्यालय और जोधपुर रेंज के निर्देश पर बाड़मेर को नशा मुक्त बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एएसपी नीतेश आर्य और डीएसपी रमेश कुमार शर्मा के सुपरविजन में आईएएसपी मंजु चौहान प्रोबेशनर के नेतृत्व में टीम बनाई गई थी।
मादक पदार्थ नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से मादक पदार्थ की खरीद फरोख्त और तस्करी नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।






