विधानसभा में बिल रखते वक्त बीजेपी विधायकों की कम संख्या को लेकर कांग्रेस ने हंगामा किया। कांग्रेस ने वोटिंग करवाने की मांग की। लंच ब्रेक के बाद विधानसभा में दो बिल रखे गए।
ससंदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने जन विश्वास संशोधन बिल सदन में रख रहे थे। जैसे ही बिल को टेबल करने के लिए स्पीकर ने वॉइस वोटिंग से अनुमति दी तो कांग्रेस ने आपत्ति की।
उपनेता प्रतिपक्ष ने कहा- सदन में बीजेपी के विधायकों की संख्या कम है। हम डिवीजन की मांग करते हैं। इस मुद्दे पर कुछ देर हंगामा हुआ।
कई बीजेपी विधायक दौड़कर सदन में पहुंचे। हालांकि स्पीकर बिल को सदन में रखने की मंजूरी दे चुके थे।

किरोड़ी बोले- इंश्योरेंस कंपनी ने किसानों का 128 करोड़ क्लेम हड़पा
विधानसभा में कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में हुई गड़बड़ियों की एसओजी से जांच करवाने की घोषणा की है।
बीजेपी MLA बाबूसिंह राठौड़ के सवाल के जवाब में किरोड़ी ने कहा- राजस्थान में फसल बीमा योजना में गड़बड़ी कर संगठित अपराध हो रहा है। उन्होंने कहा- फसल बीमा में गड़बड़ी का माफिया सक्रिय है।
किरोड़ी ने कहा- श्रीगंगानगर के श्रीकरणपुर में तो फसलों का डैमेज ही जीरो प्रतिशत बता दिया। जबकि वहां 70 फीसदी तक खराबा था। बीमा कंपनी के सर्वेयर ने मिलीभगत करके खुद ही हस्ताक्षर कर लिए।
जीरो डैमेज बता देने के कारण किसानों को बीमा क्लेम का 128 करोड़ रुपए नहीं मिला। यह पैसा कंपनी अपने पास रखकर अब ब्याज कमा रही है। हमने इसका मुकदमा करवा दिया है। पुलिस जांच कर रही है।
उन्होंने कहा- यह कंपनी हमारी नजर में डिफॉल्टर है तो हमने भारत सरकार को पत्र लिखा है कि कंपनी को टेंडर नहीं दिया जाए। क्षेमा इंश्योरेंस कंपनी को हम काम नहीं देंगे।

सराफ बोले- नीरजा मोदी की मान्यता रद्द करने का फैसला वापस करवाए सरकार
जयपुर के नीरजा मोदी स्कूल में छात्रा अमायरा की मौत के बाद संस्था की CBSE से मान्यता रद्द करने का मामला विधानसभा में गूंजा। बीजेपी MLA कालीचरण सराफ ने कहा- CBSE के इस बेतुके फैसले से स्कूल में पढ़ रहे 5500 स्टूडेंट्स का भविष्य खतरे में है।
होना यह चाहिए था कि इस आपराधिक कृत्य के लिए स्कूल प्रशासन और क्लास टीचर के खिलाफ कार्रवाई होती। FIR दर्ज होती, लेकिन मान्यता ही रद्द कर दी। सरकार को इस मामले में हस्तक्षेप करके CBSE से इस फैसले को वापस करवाना चाहिए।






