Home » जयपुर » सरकार का तंत्र जनता को राहत देने में नाकाम,मुख्यमंत्री का अपने विभागों पर ही नहीं कोई नियंत्रण:हनुमान बेनीवाल

सरकार का तंत्र जनता को राहत देने में नाकाम,मुख्यमंत्री का अपने विभागों पर ही नहीं कोई नियंत्रण:हनुमान बेनीवाल

भाजपा ने उन अधिकारियों को प्रमुख पदों पर बैठा रखा है, जिन्होंने पूर्ववर्ती सरकार में भाजपा नेताओं के फोन टैप कर उनके घरों तक छापे मरवाने में अग्रणी भूमिका निभाई,पेपर लीक, भ्रष्टाचार,अपराध और प्रदेश की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर जयपुर में मीडिया से मुखातिब हुए आरएलपी सुप्रीमो

न्यूज इन राजस्थान सुनील शर्मा
जयपुर। शनिवार को जयपुर में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल मीडिया से मुखातिब हुए।उन्होंने पेपर लीक,राजस्थान में बढ़ते अपराध,सरकारी कार्यालयों में व्याप्त संस्थागत भ्रष्टाचार तथा अस्पतालों की बदहाल व्यवस्थाओं सहित अनेक मुद्दों पर मीडिया के समक्ष अपनी बात रखी।उन्होंने हाल ही में आरपीएससी एवं राजस्थान सरकार द्वारा एसआई भर्ती-2021 को रद्द कर पुनः नई भर्ती निकालने के निर्णय को उनके आंदोलन की बड़ी जीत बताया।साथ ही पेपर लीक से जुड़े कुछ मामलों की जांच सीबीआई से करवाने की मांग भी की।

सांसद बेनीवाल ने कहा कि पेपर लीक प्रकरण में कांग्रेस के कई नेताओं की संलिप्तता रही है, जिन्होंने सत्ता में रहते हुए युवाओं के सपनों के साथ कुठाराघात किया।अब वही लोग प्रतिदिन सत्ता को चुनौती देते हुए कह रहे हैं कि “हमारा कुछ बिगाड़ लो।” ऐसे लोगों को सलाखों के पीछे पहुंचाने तथा असली दोषियों को पकड़ने के लिए सीबीआई जांच आवश्यक है।उन्होंने वर्तमान सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का अपने विभागों पर ही नियंत्रण नहीं है।सरकारी कार्यालयों में संस्थागत भ्रष्टाचार पनप चुका है।पूर्ववर्ती सरकार के दौरान जिन अधिकारियों ने भाजपा नेताओं के फोन टैप कराए,गहलोत सरकार को बचाने का कार्य किया तथा दिल्ली तक भाजपा नेताओं के घरों पर छापे मरवाने में अग्रणी भूमिका निभाई,उन्हीं अधिकारियों को भाजपा ने आज प्रमुख पदों पर नियुक्त कर रखा है।इससे स्पष्ट होता है कि भाजपा और कांग्रेस के कई नेताओं के बीच अंदरूनी गठजोड़ है।उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन मामले में पूर्व जलदाय मंत्री को गिरफ्तार किया गया,लेकिन कई अधिकारी, नेता और ठेकेदार अभी भी गिरफ्त से बाहर हैं।सरकार को उन्हें भी गिरफ्तार करना चाहिए। बेनीवाल ने मीडिया में एसओजी पर एसआई भर्ती मामले में फर्जीवाड़े के तथ्य सामने आने के बावजूद कई लोगों को बचाने के आरोप को भी दोहराया।

*सनातन के संरक्षण का भाजपा केवल ढोंग कर रही है*

सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि एक ओर भाजपा सनातन और हिंदुत्व के नाम पर वोट मांगती है,वहीं जयपुर जिले के भैराणा धाम में चल रहे संतों के आंदोलन की मुख्यमंत्री स्तर पर अनदेखी की जा रही है।संतों की भावनाओं को जिस प्रकार आहत किया जा रहा है, उससे स्पष्ट हो गया है कि भाजपा केवल सनातन संरक्षण का ढोंग कर रही है,उन्होंने भरतपुर में पहाड़ों को बचाने के लिए एक संत द्वारा किए गए आत्मदाह का भी उदाहरण दिया |

             *इन मुद्दों पर भी रखी बात*

सांसद बेनीवाल ने कहा कि जाट आरक्षण आंदोलन, गुर्जर आरक्षण आंदोलन अथवा किसान आंदोलन—सभी आंदोलनों में उन्होंने आंदोलित पक्ष के साथ खड़े होकर आंदोलन को मजबूत करने का कार्य किया।पेपर लीक प्रकरण में जब एसआई भर्ती को रद्द करवाने की बात आई,तब भी राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने सड़क से सदन तक इस भर्ती को रद्द करवाने के लिए पुरजोर प्रयास किए।
उन्होंने कहा कि सेना में अग्निवीर योजना लागू कर भाजपा ने युवाओं और सेना का मनोबल कमजोर किया है।वहीं किसानों को आय दोगुनी करने का झूठा सपना दिखाया गया।बेनीवाल ने दावा किया कि वर्ष 2028 के चुनाव में बड़ा राजनीतिक परिवर्तन होगा, जिसकी झलक पंचायती राज एवं निकाय चुनावों में दिखाई देगी।

        *युवाओं ने किया सांसद का सम्मान*

एसआई भर्ती-2021 रद्द करवाने की मांग को लेकर आंदोलनरत युवाओं ने सांसद हनुमान बेनीवाल का सम्मान किया। इस अवसर पर बेनीवाल ने कहा कि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी सदैव युवाओं के हितों की लड़ाई लड़ती रहेगी।

newsinrajasthan
Author: newsinrajasthan

NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.

0
0

RELATED LATEST NEWS

Top Headlines

“अज्ञान,भय,दुर्बलता और सीमाओं से मुक्त करती है शिक्षा”:वासुदेव देवनानी

“विद्या भवन के गौरवशाली अतीत की नींव पर बने भविष्य की इमारत” विद्या भवन में उत्कृष्ट विद्यार्थी सम्मान समारोह में