Home » राजस्थान » बादल फटने के बाद अलवर का अग्निवीर जवान लापता:पिता से कहा था-आपके ऑपरेशन के लिए छुट्टी आ रहा हू, 9 दिन पहले हुई थी बात

बादल फटने के बाद अलवर का अग्निवीर जवान लापता:पिता से कहा था-आपके ऑपरेशन के लिए छुट्टी आ रहा हू, 9 दिन पहले हुई थी बात

अरुणाचल प्रदेश के दिबांग वैली जिले में 14 अगस्त को बादल फटने के बाद भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ की चपेट में आने से सेना के सात जवान लापता हो गए थे। इनमें से दो जवानों का रेस्क्यू कर लिया गया है, जबकि अलवर के केसरपुर गांव निवासी अग्निवीर समुद्र गुर्जर (24) अभी भी लापता हैं। हादसे के कई दिन बीत जाने के बाद भी समुद्र का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। सेना की ओर से उनकी तलाश लगातार जारी है।

समुद्र गुर्जर दो बहनों के इकलौते भाई हैं। उनकी अभी शादी नहीं हुई थी। समुद्र के पिता बदली गुर्जर खेती-किसानी करते हैं। परिवार के मुताबिक समुद्र रक्षाबंधन से पहले छुट्टी लेकर घर आने वाले थे, लेकिन छुट्टी पर आने से पहले ही अरुणाचल प्रदेश में यह हादसा हो गया।

समुद्र के पिता ने बताया कि उनकी बेटे से आखिरी बार 10 मई को बात हुई थी। समुद्र मई में छुट्टी लेकर घर आया था और करीब 10 दिन बाद वापस ड्यूटी पर चला गया था। बातचीत के दौरान उसने जल्द ही दोबारा छुट्टी लेकर घर आने की बात कही थी।

समुद्र ने अपने पिता से कहा था कि वह घर आकर उनके पैरों में दर्द का ऑपरेशन करवाएगा। परिवार को उम्मीद थी कि रक्षाबंधन के आसपास समुद्र घर आएगा और सभी के साथ त्योहार मनाएगा, लेकिन 14 अगस्त को सेना की ओर से परिवार को फोन आया कि अरुणाचल प्रदेश में बादल फटने के बाद आई आपदा में समुद्र लापता हो गया है।

समुद्र के लापता होने की सूचना मिलते ही परिवार के लोग अलवर के इटाराणा स्थित सेना कार्यालय पहुंचे। परिजनों ने अधिकारियों से समुद्र के बारे में जानकारी ली और उसकी तलाश से जुड़ी जानकारी मांगी। हालांकि, अभी तक परिवार को समुद्र के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है।

पड़ोसी भरत ने बताया कि समुद्र के लापता होने की खबर के बाद से पूरे केसरपुर गांव में चिंता का माहौल है। परिवार के लोग लगातार समुद्र के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। वहीं, पिता अपने इकलौते बेटे को याद कर बार-बार भावुक हो रहे हैं।

बताया गया कि अरुणाचल प्रदेश के अनिनी क्षेत्र के पशुपानी इलाके में 14 अगस्त 2026 की शाम करीब 4:45 बजे बादल फटा था। इसके बाद इलाके में भारी भूस्खलन और अचानक बाढ़ आ गई। इस प्राकृतिक आपदा में चार लोगों की मौत की सूचना है, जबकि सेना के कई जवान भी इसकी चपेट में आए।

सेना और राहत-बचाव दल की ओर से प्रभावित क्षेत्र में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। परिवार को अब भी उम्मीद है कि समुद्र को सुरक्षित तलाश लिया जाएगा और वह जल्द ही अपने घर लौटेंगे।

newsinrajasthan
Author: newsinrajasthan

NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.

0
0

RELATED LATEST NEWS

infoverse academy

Top Headlines