महेंद्रगढ़ जिला पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए अटेली क्षेत्र से एक युवक को अवैध देसी कट्टे सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ है। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसपी दीपक कुमार के निर्देश पर अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त, तस्करी और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम को सूचना मिली कि अटेली क्षेत्र के सागरपुर निवासी आकाश मोहनपुर रोड स्थित पानी की टंकी के पास अवैध हथियार के साथ मौजूद है और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है।

सूचना पर सीआईए ने की रेड
डीएसपी डॉ. कविता ने बताया कि सूचना मिलते ही सीआईए टीम ने तुरंत रेडिंग पार्टी का गठन कर बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही काबू कर लिया।
तलाशी में नहीं मिला लाइसेंस
पुलिस ने नियमानुसार तलाशी ली, तो आरोपी की जेब से एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान आरोपी हथियार का कोई वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपी के खिलाफ थाना अटेली में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसने अवैध हथियार कहां से खरीदा और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। साथ ही जांच की जा रही है कि मामले में कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह तो शामिल नहीं है।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.




