चार दिन पहले कांग्रेस में वापसी करने वाले युवा नेता नरेश मीणा लोकसभा का टिकट नहीं मिलने से नाराज हैं। उन्होंने दौसा लोकसभा क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम में लोकसभा उम्मीदवार बनाए गए विधायक मुरारीलाल मीणा को खरी-खरी सुनाई। उस वक्त मंच पर मुरारीलाल व उनकी बेटी निहारिका जोरवाल समेत कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे। जहां नरेश मीणा ने टिकट का आश्वासन देकर कांग्रेस जॉइन कराने व बाद में टिकट नहीं देने को धोखा बताया। जिस पर लोगों ने जमकर तालियां बजाई व जयकारे लगाए।
युवा नेता नरेश मीणा ने अपने भाषण में कहा जब आपने (मुरारीलाल मीणा) ने टिकट के लिए मना कर दिया था तब मैंने टिकट मांगकर गलती कर दी कि मुझे टिकट दिला दो। अरे आपके तो कोई बच्चे नहीं हैं, हम तो आपके और गोलमा के बच्चे हैं। आपका तो फर्ज बनता था कि आगे बढ़कर सचिन पायलट को कहना चाहिए था, यह बच्चा बहुत सालों से टिकट मांग रहा है इसे भी टिकट दे दो। तब तो ये जनता भी मानती।
मुझे रात में नींद नहीं आ रही
उन्होंने कहा मुझे कल से नींद नहीं आ रही। अनिल चोपड़ा को टिकट मिल जाता है, प्रहलाद गुंजल कल कांग्रेस ज्वाइन करता है उसको टिकट मिल जाता है, राहुल कस्वां के कांग्रेस ज्वाइन करते ही टिकट मिल जाता है और मुझे कहा जाता है कि तुम्हारा भी टिकट में नाम है कांग्रेस ज्वाइन कर लो। मुझे ज्वाइन करा दी और मेरी जात भी बिगाड़ दी। मैं तो 27 तारीख को नॉमिनेशन की तैयारी कर रहा था लेकिन रात को नाम आता है नरेश तुम्हारा कोई नंबर नहीं है।
… तो वापस नहीं आऊंगा जनता के बीच
नरेश मीणा ने भावुक होते हुए लोगों से कहा कि या तो आप लोग तय कर दो कि तुझे कभी नेता नहीं बनने देंगे अपने घर चला जा। उसके लिए भी मैं तैयार हूं। पंच-पटेलों ऐसा मौका दोबारा नहीं मिलेगा मुझे कह दो, मैं बजरंगबली की कसम खाता हूं जिंदगी में कभी दोबारा चुनाव नहीं लडूंगा और तुम्हारे बीच कभी नहीं आऊंगा यह वादा करता हूं।
खुद सांसद और बेटी MLA बन जाएगी
उन्होंने कहा मुरारीलाल मीणा सांसद बन जाएंगे, फिर उनकी बेटी निहारिका दौसा से विधायक बन जाएगी और पत्नी सविता मीणा भी सांसद का चुनाव लड़ चुकी है। आप एमएलए बन गए और सांसद भी बन जाओगे फिर मेरा क्या होगा। मैं कहना चाहता हूं मुरारीलाल मीणा आप फैसला करो कि जिस तरह जयपुर शहर में सुनील शर्मा का टिकट वापस हो गया था, आप भी इस पर विचार करो।
नरेश मीणा ने कहा मैंने डॉ. किरोड़ीलाल मीणा को खून का तिलक किया और आशीर्वाद मांगा। मुरारीलाल की बेटी यूनिवर्सिटी का चुनाव लड़ी तो मैंने कोई कसर नहीं छोड़ी। लेकिन बदले में मुझे क्या मिला। ऐसे में अब नरेश मीणा के तल्ख़ तेवर दौसा से कांग्रेस उम्मीदवार के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं।






