सीएसआर सहयोग से स्थापित शक्ति संगम नारी कौशल एवं आरआरआर केंद्र का शुभारंभ, 20 महिलाओं का प्रशिक्षण शुरू
न्यूज इन राजस्थान सुनील शर्मा
जयपुर। ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में फागी ब्लॉक में गुरुवार को शक्ति संगम नारी कौशल केंद्र एवं आरआरआर (रिड्यूस, रियूज, रिसायकल) केंद्र का शुभारंभ किया गया। जिला परिषद जयपुर, फिनोवा कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड के 10 लाख रुपये के सीएसआर सहयोग तथा शक्ति संगम संस्था की सहभागिता से स्थापित यह केंद्र महिला सशक्तीकरण, कौशल विकास और अपशिष्ट प्रबंधन को नई दिशा देगा।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतिभा वर्मा ने कहा कि यह केंद्र सरकारी प्रयासों और कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के प्रभावी समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है। वहीं फिनोवा कैपिटल के प्रबंध निदेशक मोहित साहनी ने विश्वास जताया कि यह पहल ग्रामीण महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता और महिला उद्यमिता का मजबूत आधार बनेगी।
केंद्र में हाई-स्पीड सिलाई मशीन, पीको मशीन और ओवरलॉक मशीन सहित आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। उद्घाटन अवसर पर ‘वेस्ट टू वेल्थ’ थीम पर आयोजित प्रदर्शनी में महिलाओं द्वारा पुराने कपड़ों से तैयार बैग, कैप, चश्मा कवर, यूटिलिटी पाउच, मैट, टोकरियां, हस्तशिल्प सामग्री और पर्यावरण अनुकूल राखियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
उद्घाटन के साथ ही प्रशिक्षण गतिविधियां भी शुरू कर दी गईं। प्रथम चरण में 20 ग्रामीण महिलाओं का प्रशिक्षण आरंभ हुआ, जबकि पहले ही दिन करीब 60 महिलाओं ने प्रशिक्षण के लिए पंजीकरण कराया। जयपुर की स्थानीय टेक्सटाइल इकाइयों ने केंद्र को स्क्रैप फैब्रिक और कपड़ों की कटिंग उपलब्ध करानी भी शुरू कर दी है, जिससे महिलाओं को उत्पाद निर्माण के लिए कच्चा माल मिलेगा।
उद्घाटन समारोह में जिला प्रमुख रमा देवी चौपड़ा, प्रधान पंचायत समिति फागी, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं तथा पंचायत प्रतिनिधियों सहित करीब 200 स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। यह केंद्र ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और हरित अर्थव्यवस्था को भी नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.






