Home » जयपुर » क्राइम » 50 से ज्यादा लड़कियों-महिलाओं से संबंध बनाने वाला ‘लेडी किलर’:’आर्मी मैन’ बनकर जाल में फंसाता, रेप-मर्डर किए, लिव इन पार्टनर की हत्या से खुला राज

50 से ज्यादा लड़कियों-महिलाओं से संबंध बनाने वाला ‘लेडी किलर’:’आर्मी मैन’ बनकर जाल में फंसाता, रेप-मर्डर किए, लिव इन पार्टनर की हत्या से खुला राज

23 फरवरी 2022
जयपुर के निवारू एरिया का आर्मी नगर
सुबह 7 बजे के करीब एक महिला का फोन बजता है। सामने से आवाज आती है- भाभी जी! मेरी पत्नी रोशनी फोन नहीं उठा रही है। उससे बात करवा दीजिये।

महिला अपनी बेटी सुंदरी (बदला हुआ नाम) को पड़ोस में किराए पर रहने वाले विक्रम के घर भेजती है। सुंदरी विक्रम के घर पहुंचती है तो गेट खुला होता है।

अंदर जाकर देखती है रोशनी बेड पर है। उसने कंबल ओढ़ रखा है। सुंदरी 3-4 बार आवाज लगाती है, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं होती।

सुंदरी वापस अपने घर आ जाती है और फोन पर मौजूद विक्रम को कहती है, रोशनी आंटी अभी सो रही हैं। इस पर विक्रम फोन काट देता है।

करीब 3 घंटे बाद विक्रम दुबारा फोन करता है। सुंदरी दोबारा उसके घर जाती है। इस बार रोशनी को जगाने के लिए कंबल हटाती है।

कंबल हटाते ही सुंदरी की चीख निकल जाती है। बेड पर राेशनी नहीं, उसकी डेडबॉडी होती है। मुंह में झाग और गले में फांसी का फंदा।

जयपुर पुलिस ने केस इंवेस्टिगेट किया तो सामने आया साइको क्रिमिनल 26 साल का विक्रम उर्फ मिंटू बैरवा। विक्रम ने भारतीय सेना का जवान बनकर 50 से ज्यादा युवतियों-महिलाओं के साथ फिजिकल रिलेशन बनाए। कई नाबालिग लड़कियों के साथ रेप-गैंगरेप किया। कुछ का मर्डर भी कर दिया।

रोशनी के मर्डर की जांच करधनी थाना पुलिस कर रही थी। मकान मालिक राजेंद्र यादव ने पुलिस को बताया- कुछ दिन पहले ही उसने अपने मकान का ये पोर्शन दौसा जिले के धर्मपुरा गांव के रहने वाले विक्रम उर्फ मिंटू बैरवा को किराए पर दिया था। यहां वो उत्तर प्रदेश के हरदोई की रहने वाली अपनी पत्नी रोशनी के साथ रह रहा था।

राजेंद्र ने बताया कि एक दिन पहले ही मोबाइल शॉप चलाने वाले उसके भाई कैलाश यादव ने विक्रम को कंधे पर बैग लटकाए जाते देखा था।

पुलिस ने विक्रम बैरवा को कॉल पर उसकी पत्नी की मौत के बारे में जानकारी दी और जल्द से जल्द आने काे कहा। विक्रम ने पुलिस से कहा कि वो जल्द से जल्द आ रहा है।

इधर, पुलिस ने उत्तर प्रदेश में रहने वाली रोशनी की मां को भी जानकारी देते हुए जयपुर बुलाया। काफी इंतजार के बाद भी विक्रम नहीं आया। हर बार फोन पर कहा- बस थोड़ी देर में पहुंच रहा हूं।

आखिर में उसका फोन स्विच ऑफ हो गया और फिर ऑन ही नहीं हुआ। पुलिस का शक उस पर गहरा गया।

रोशनी की मां और बहन पहुंची तो हुआ नया खुलासा

विक्रम तो नहीं आया लेकिन उत्तर प्रदेश से रोशनी की मां सूरज देवी और उसकी बहन सीमा वर्मा जयपुर पहुंचीं। उन्होंने जो पुलिस को बताया वो हैरान करने वाला था।

उन्होंने बताया कि रोशनी की बड़ी बहन सीमा चंडीगढ़ में रहती है और रोशनी भी कभी-कभी वहां आती थी। वो वहां स्पा सेंटर्स में काम भी करती थी।

वहीं उसकी मुलाक़ात विक्रम बैरवा से हुई थी, जो बाद में दोस्ती में बदल गई थी। इसके बाद दोनों फोन पर बात करने लगे थे।

रोशनी ने विक्रम को बताया कि उसके पिता पुत्तीलाल मर्डर के किसी मामले में जेल में बंद हैं। विक्रम रोशनी के गांव गया और वहां उसकी मां सूरज देवी को भरोसा दिलाया कि वो उनके पति की जमानत करवा देगा।

उसने उन्हें झांसे में लेते हुए करीब 1 लाख रुपए नकद व 5 लाख रुपए के जेवर ले लिए और रोशनी को लेकर जयपुर आ गया।

कुछ दिन तक तो वो रोशनी के साथ अलग-अलग जगहों पर रहा। इसके बाद 4 जनवरी 2022 को उसने निवारू एरिया स्थित आर्मी नगर में राजेंद्र यादव के मकान में एक पोर्शन किराए पर ले लिया।

यहां वो रोशनी के साथ लिव इन में रहने लग गया था। वहीं आस-पड़ोस में सभी लोगों को रोशनी को खुद की पत्नी बताता था।

दो महीने बाद मिला विक्रम का सुराग

रोशनी की हत्या के बाद विक्रम मुंबई चला गया। पुलिस उसे पकड़ नहीं पाएगी इस ओवर कॉन्फिडेंस में कुछ दिन वहां रुकने के बाद वह उत्तर प्रदेश गया। फिर राजस्थान आ गया। वह भिवाड़ी में एक मेले में भंडारे में सेवा करने लगा। वहीं रहने लगा।

इसी दौरान उसने मेले में दर्शन करने आए अलवर के टपूकड़ा के पति-पत्नी को अपनी बातों में फंसा लिया और पत्नी से गहरी दोस्ती कर ली।

विक्रम ने दंपती को बताया कि वह आर्मी में है और किसी काम से अलवर के टपूकड़ा आया हुआ है। दंपती झांसे में आ गए और विक्रम को अपने घर ले गए।

इस दौरान विक्रम ने विवाहिता से फिजिकल रिलेशन बनाए। दंपती के घर ठहरकर फरारी काटते समय गलती से उसका मोबाइल ऑन हो गया। पुलिस को उसकी लोकेशन मिल गई और उसे पकड़ लिया।

पुलिस को बताया 50 से ज्यादा महिलाओं से बनाए संबंध

पुलिस की पूछताछ में विक्रम ने बताया- मैंने अब तक 50 से ज्यादा युवतियों और महिलाओं से संबंध बनाए है। यह मेरा शौक है। इसे पूरा करने के लिए मैं किसी भी हद तक जा सकता हूं।

अपने इस शौक को पूरा करने के लिए मैं गरीब घर की ऐसी लड़कियों को शिकार बनाता, जिनसे परिवार ने नाता तोड़ लिया हो या जिनका परिवार ही न हो।

इन लड़कियों-महिलाओं को इम्प्रेस करने के लिए मैं उनके सामने भारतीय सेना का जवान और अफसर बनकर रहता हूं।

तत्कालीन करधनी थाना SHO बनवारी लाल मीणा ने बताया- विक्रम ने पुलिस को बताया कि वो होटलों में जाता था और वहां स्टाफ से लड़कियों की फरमाइश करता था। इसी दौरान एक होटल में एक रात उसे रोशनी मिली थी।

यहां उसने रोशनी से संबंध बनाए और उसे खुद के आर्मी में होने की बात कहकर इम्प्रेस कर लिया। उसने रोशनी से मोबाइल नंबर भी ले लिए थे। इसके बाद दोनों में बातें होने लगी थीं।

पसंद नहीं था रोशनी का स्पा में काम करना

विक्रम ने पुलिस को बताया कि रोशनी से हुई बातचीत में ही उसे पता चला था कि उसका पिता मर्डर के मामले में जेल में बंद है। उसकी जमानत करवाने के बहाने वो उत्तर प्रदेश में रोशनी के गांव भी गया और वहां रहा।

यहां उसने रोशनी की मां को भी इम्प्रेस कर लिया। जमानत के लिए उसने उनसे रुपए और गहने भी ले लिए थे। इसके बाद वो रोशनी को जयपुर ले आया।

थोड़े दिन साथ रहने के बाद विक्रम की असलियत रोशनी के सामने आ गई। इसके चलते उसने दुबारा से स्पा और होटलों में जाना शुरू कर दिया। विक्रम को ये बिल्कुल पसंद नहीं था।

पहले से बना रखा था रोशनी के मर्डर का प्लान

23 फरवरी 2022 को सुबह 7 बजे ही तैयार होकर रोशनी स्पा में जा रही थी। विक्रम ने उसे जाने से मना किया, वो नहीं मानी। दोनों के बीच विवाद हुआ।

थोड़ी देर बाद ही विक्रम ने आवेश में आकर रोशनी का गला दबा दिया। वो चिल्लाती उससे पहले ही विक्रम ने तकिये से उसका मुंह दबा दिया। दम घुटने से थोड़ी देर में ही रोशनी की मौत हो गई।

इसके बाद विक्रम ने बड़े ही शातिराना तरीके से रोशनी के गले में फांसी का फंदा बना कर डाला और उसकी लाश को बेड पर लिटाकर कंबल ओढ़ा दिया। इसके बाद घर का दरवाजा खुला छोड़ चुपचाप बाहर निकल गया।

विक्रम ने पुलिस को बताया कि रोशनी के मर्डर का प्लान उसने पहले ही बना लिया था। इसी के चलते वो घटना से एक दिन पहले पड़ोसियों और मकान मालिक के भाई कैलाश यादव से मिला।

उनसे सभी को बहन के गृह प्रवेश में जाने की बात बोली थी और सभी को घर से बाहर जाते हुए मिला था। इसके बाद देर रात चुपके से वापस घर लौट आया और सुबह रोशनी की हत्या कर दी।

पहले भी एक लड़की की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर डाला

तत्कालीन SHO बनवारी लाल ने बताया कि पूछताछ में विक्रम ने अप्रैल 2021 में ग्वालियर (MP) में भी अपने एक साथी के साथ लड़की की हत्या की वारदात कबूली थी।

जयपुर में रहने वाली अहमदाबाद की पूजा शर्मा नाम की लड़की को वह ग्वालियर ले गया था। वहां उसके साथ रेप किया और मर्डर कर दिया। शव को ट्रेन की पटरी पर डाल दिया था।

पूछताछ में सामने आई मर्डर मिस्ट्री की पड़ताल के लिए ग्वालियर पुलिस तब जयपुर भी आई थी। पूजा शर्मा नाम की कोई गुमशुदगी नहीं मिलने और ग्वालियर में ऐसी कोई लाश नहीं मिलने से इस मामले का आज तक खुलासा नहीं हो पाया है।

लड़कियों को इंप्रेस करने के लिए ‘आर्मी मैन’ जैसी हेयर स्टाइल

तत्कालीन SHO बनवारी लाल ने बताया कि साल 2019 में अलवर के सदर इलाके में आरोपी ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर एक युवती से गैंगरेप किया था। उस मामले में भी वो फरार था।

विक्रम ने पूछताछ में बताया था कि वो जब बचपन में अपने गांव दौसा के धर्मपुरा में था तो अक्सर देखता था कि लड़कियां और महिलाएं सेना के जवान और पुलिस अफसरों से बहुत इंप्रेस होती हैं।

लड़कियों से दोस्ती करने और उन्हें इंप्रेस करने के लिए विक्रम ने आर्मी जैसी हेयर स्टाइल कर ली। इतना ही नहीं बातचीत का लहजा भी आर्मी मैन जैसा बनाने की कोशिश की। किसी से मिलता तो जय हिंद कहकर अभिवादन करता।

विक्रम ने मुंबई, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान के अलग-अलग शहरों में काम किया। उस दौरान वह अपने आप को आर्मी अफसर बताता था।

सोशल मीडिया और डेटिंग ऐप्स से लड़कियों को फंसाता

सोशल मीडिया और डेटिंग ऐप्स के जरिए उसने कई लड़कियाें और महिलाओं से दोस्ती की। उनके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

धीरे-धीरे उसका ये शौक खतरनाक होता चला गया और वो पोल खुलने के डर से उन लड़कियों की हत्या तक करने लग गया था।

उसने पुलिस को ये भी बताया कि रोशनी की हत्या के बाद अलवर के टपूकड़ा में जिस विवाहिता ने उसे अपने घर में पनाह दी और उससे प्यार तक करने लगी थी, वो उसे भी मारने वाला था।

हालांकि वो वारदात अंजाम देता उससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया था। गिरफ्तारी के बाद विक्रम को जेल भेज दिया गया। अभी वो जयपुर सेन्ट्रल जेल में बंद है और न्यायालय में अलग-अलग मामलों की सुनवाई चल रही है।

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra

0
0

RELATED LATEST NEWS

infoverse academy

Top Headlines

डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने ली रेंज स्तरीय अधिकारियों की मैराथन बैठक

पुलिस मुख्यालय में रेंज समीक्षा बैठक:डीजीपी ने अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, तकनीकी नवाचार और जनसुनवाई पर दिए निर्देश हार्डकोर, हिस्ट्रीशीटर