जयपुर में गवर्नमेंट कर्मचारी को हनीट्रैप में फंसा ब्लैकमेल कर रुपए वसूलने का मामला सामने आया है। लड़की ने दोस्ती के जाल में फंसाया और फिर मिलने के बहाने घर बुलाया। घर में गैंग के सदस्यों ने उसके साथ मारपीट की और लड़की के साथ न्यूड फोटो-वीडियो बना लिए। आरोपियों के ब्लैकमेल कर रुपयों की डिमांड करने पर पीड़ित ने खोह नागोरियान थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मास्टर माइंड सहित पांच आरोपियों को अरेस्ट किया है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने बताया- जामडोली आगरा रोड निवासी 30 साल के युवक ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उसने बताया- वह रेलवे में जॉब करता है। करीब 2 महीने पहले उसके मोबाइल पर एक अनजान लड़की ने कॉल किया। खुद का नाम अंजली बताया और कहा कि मैं आपको जानती हूं। आप रेलवे में जॉब करते हो। जान-पहचान वाली समझकर करीब 5-7 मिनट उससे बात की और फिर कॉल काट दिया। अगले दिन दोबारा उसने कॉल कर बात की। बातों में आने पर बोला कि आपकी दोस्त बनना चाहती हूं।





