नागौर,। ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री हीरालाल नागर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के विद्युत तंत्र को लगातार मजबूत कर रही है। शहरों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी उपभोक्ताओं को ट्रिपिंग रहित विद्युत आपूर्ति के लिए सरकार कोई कमी नहीं रख रही है।
श्री नागर रविवार को नागौर जिले में 33/11 केवी के चार जीएसएस के लोकार्पण तथा पांच ग्रिड सब स्टेशनों के शिलान्यास समारोह में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार ने मात्र डेढ़ साल में ही प्रदेश में सभी क्षेत्रों में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। जिले में एक साथ 4 ग्रिड सब स्टेशन का लोकार्पण और 5 जीएसएस का शिलान्यास कर नया इतिहास रचा गया है। उन्होंने हिलोड़ी गांव में नवनिर्मित 33/11 केवी जीएसएस का लोकार्पण किया। ऊर्जा मंत्री नागर के साथ खींवसर विधायक रेवंतराम डांगा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान ग्रामीणों ने ऊर्जा मंत्री का जोरदार स्वागत किया।
अधीक्षण अभियंता अशोक चौधरी ने बताया कि हिलोड़ी में 1 करोड़ 40 लाख रूपए की लागत से 33/11 केवी जीएसएस बनकर तैयार हुआ है। इस जीएसएस के बनने से हिलोड़ी और गोल्यासनी समेत आसपास के 2 दर्जन गांवों को फायदा मिलेगा। साथ ही सैनणी गांव की कई ढाणियों को भी सुचारू विद्युत आपूर्ति का फायदा होगा। पहले इन गांवों में संखवास पावर हाउस से बिजली सप्लाई की जाती थी, लेकिन अब हिलोड़ी में पावर हाउस बनने से बिजली का लोड भी कम होगा, जिससे ट्रिपिंग की समस्या भी खत्म होगी।
हिलोड़ी में आयोजित कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री नागर ने झालों की ढाणी, भोमासर और साटिका खुर्द 33/11 केवी जीएसएस का भी लोकार्पण किया तथा खजवाना, भोजास, गोदारों की ढाणी, कालियास और मुंदियाड़ में 33/11 केवी जीएसएस का शिलान्यास किया। गौरतलब है कि अगले 6 महीने में ये 5 विद्युत सब स्टेशन बनकर तैयार होंगे।







