सीकर के लक्ष्मणगढ़ में आज सुबह बच्चों से भरी प्राइवेट स्कूल की बस और बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। बाइक सवार पति-पत्नी और उनका बेटा सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि पिता-पुत्र की मौत हो गई वहीं महिला घायल हो गई।
हादसे के बाद ड्राइवर बस और बच्चों को छोड़कर भाग गया। बच्चे रोते-बिलखते बस से उतरे। उन्हें राहगीरों ने संभाला। पुलिस और स्कूल प्रशासन को सूचना दी। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। वे लक्ष्मणगढ़ हॉस्पिटल में धरने पर बैठे हैं।
स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग को लेकर लोग लक्ष्मणगढ़ जिला अस्पताल के बाहर धरने पर बैठ गए।
खेत जा रहे थे पति-पत्नी और बेटा
हादसा खोरू की भर के पास बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे हुआ। लक्ष्मणगढ़ के वार्ड 29 निवासी मुरारीलाल शर्मा (60) अपनी पत्नी उषा शर्मा (55) और बेटे निखिल शर्मा (22) के साथ बाइक से खोरू स्थित अपने खेत जा रहे थे। एमके मेमोरियल स्कूल की बस लक्ष्मणगढ़ की तरफ आ रही थी। खोरू की भर के पास बस और बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई।
बेटे की मौके पर मौत, पिता ने हॉस्पिटल ले जाते तोड़ा दम
टक्कर होते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। बस को छोड़कर ड्राइवर भाग गया। राहगीरों ने घायलों को लक्ष्मणगढ़ जिला हॉस्पिटल, जहां डॉक्टरों ने निखिल शर्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल पति-पत्नी को सीकर के एसके हॉस्पिटल रेफर किया गया लेकिन मुरारीलाल शर्मा ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पिता-पुत्र के शवों को लक्ष्मणगढ़ अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।
भाजपा नेता दिनेश जोशी और पुलिस उप अधीक्षक धरना स्थल पर पहुंचे।
हॉस्पिटल में धरने पर बैठे लोग
परिजन और ग्रामीणों ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। वे लक्ष्मणगढ़ जिला हॉस्पिटल के बाहर धरने पर बैठे है। ड्राइवर को पकड़ने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस लोगों से समझाइश का प्रयास कर रही है। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।






