जयपुर पुलिस ने कार लूट मामले में मास्टर माइंड सहित तीन बदमाशों को अरेस्ट किया है। कर्जा चुकाने के लिए दोस्तों के साथ मिलकर लूट का प्री प्लान बनाया गया था। पिस्तौल के दम पर ड्राइवर को नीचे उतारकर बदमाशों ने कार लूट की वारदात की। झोटवाड़ा थाना पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूट की गई कार व देसी कट्टा-कारतूस बरामद किए हैं। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
डीसीपी (वेस्ट) अमित कुमार ने बताया- लूट मामले में मास्टर माइंड सहित नकाबपोश तीन बदमाशों को अरेस्ट किया गया है। पुलिस ने गैंग में शामिल साथी नाबालिग को भी पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई कार और वारदात में यूज देसी कट्टा व एक कारतूस बरामद किया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने प्री-प्लान के तहत लूट की वारदात को अंजाम देना कबूल किया। बताया कि लूटी गई कार को बेचकर वह कर्जा उतारने के साथ अपने घूमने का शौक पूरा करते, उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों से कई अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना है।
लालच देकर दोस्तों की बनाई गैंग
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि गैंग का मास्टर माइंड हुक्का-सिगरेट पीने का शौकीन है। इसके साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में घूमने का शौक रखता है। अपने शौक पूरा करने के लिए दोस्तों से रुपए उधार लेता है। कर्जा ज्यादा होने पर और शौक पूरा करने के लिए लालच देकर अपने दोस्तों के साथ लूट का प्लान बनाया। प्री-प्लान के तहत वारदात को बदमाशों ने अंजाम दिया।
किराए की ट्रैक्स लूटकर भागे
टोंक फाटक निवासी शिवनारायण मीणा (29) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई। वह ऑनलाइन टैक्सी कार चलाता है। 4 जुलाई की सुबह करीब 5:30 बजे वह रेलवे स्टेशन के पास सवारियों को इंतजार कर रहा था। उस दौरान उसके पास चार लड़के आए। झोटवाड़ा रिको एरिया छोड़ने की कहकर ऑफलाइन चलने की कहा। किराया तय कर झोटवाड़ा रिको एरिया में धर्मकांटे के पास कार को रुकवाया। कार रोकते ही हथियार के दम पर उसे कार से नीचे उतार दिया। मोबाइल और रुपए छीनने के साथ उसकी कार लेकर फरार हो गए।






