लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150 वीं जयंती के उपलक्ष्य में सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ के ऋषिकुल महाविद्यालय से मंगलवार को जिला स्तरीय भव्य एकता पदयात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने हरी झंडी दिखाकर किया।
पदयात्रा ऋषिकुल रामलीला मैदान से रवाना होकर शहर के मुख्य मार्गों से गुजरी । पूरे मार्ग में “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” और सरदार पटेल अमर रहे के नारों से वातावरण गुंजायमान रहा।
पूर्व सांसद सीकर स्वामी सुमेधानंद सरस्वती की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने स्वतंत्रता के बाद देश की 562 रियासतों को एकसूत्र में पिरोकर जिस अखंड भारत का निर्माण किया वह इतिहास का सबसे अद्भुत कार्य है। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और प्रशासनिक दक्षता के जिस स्वरूप की नींव सरदार पटेल ने रखी, उसी के कारण आज भारत एक सशक्त राष्ट्र के रूप में खड़ा है।
यूडीएच मंत्री खर्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरदार पटेल की 150 वीं जयंती वर्ष को समर्पित करते हुए देशभर में एकता यात्राओं का आयोजन सुनिश्चित किया है, ताकि उनके योगदान और प्रेरक जीवन गाथा को देश की युवा पीढ़ी तक पहुंचाया जा सके।
यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने आह्वान किया कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि “एकता ही राष्ट्र की शक्ति है, और जिस राष्ट्र की एकता मजबूत होती है, उसका विकास अवरुद्ध नहीं किया जा सकता।” उन्होंने सभी से भारत की एकता, अखंडता, सामाजिक सौहार्द और विकास यात्रा में सक्रिय सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित जनों को स्वदेशी अपनाने की शपथ दिलवाई।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने सरदार पटेल के जीवन, कार्य एवं राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए युवा पीढ़ी को प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।





