जयपुर में तीन दिन पहले तेज रफ्तार थार के एंडेवर को टक्कर मारने के बाद ई-रिक्शा को चपेट में लेने का सीसीटीवी वीडियो अब सामने आया है। मानसरोवर मेट्रो स्टेशन के नीचे तिराहे पर 30 अगस्त की देर रात 1 से 1:30 बजे यह हादसा हुआ था।
हादसे में कांग्रेस के पूर्व मंत्री अशोक चांदना की पत्नी ललिता चांदना के नाम से रजिस्टर्ड एंडेवर कार और तेज रफ्तार थार की टक्कर हुई थी। वहीं टक्कर के बाद थार पलट गई थी और ई-रिक्शा को चपेट में ले लिया। हादसे में ई-रिक्शा सवार तीन मजदूर गंभीर घायल हो गए थे।
जानकारी के अनुसार- एंडेवर को अशोक चांदना का भतीजा चला रहा था। वहीं थार में युवतियां सवार थीं। हादसे के बाद थार और एंडेवर सवार लोग मौके पर गाड़ियां छोड़कर फरार हो गए थे।


50 फीट दूर जाकर गिरा था ई-रिक्शा, तीन मजदूर हो गए थे घायल
सामने आए सीसीटीवी में तेज रफ्तार थार ने पहले एंडेवर को टक्कर मारी थी। टक्कर के बाद थार पलट गई थी। इसके बाद एंडेवर भी अनियंत्रित हो गई थी। ई-रिक्शा करीब 50 फीट दूर जाकर गिरा था। हादसे में घायल शंकर सिंह (50), मुकेश जावली (48) निवासी लक्ष्मणगढ़ अलवर और उमाशंकर (48) निवासी जनता कॉलोनी आदर्श नगर को अस्पताल पहुंचाया गया था। पुलिस के अनुसार- दो घायलों का एसएमएस अस्पताल और एक का मानसरोवर स्थित निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायल मजदूर पार्टी में आइसक्रीम सप्लाई करके आ रहे थे।
एंडेवर पर ओवरस्पीड के 18 चालान
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक- हादसे में शामिल एंडेवर गाड़ी ललिता चांदना के नाम से रजिस्टर्ड है। इस गाड़ी पर पहले से ओवरस्पीड और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के 18 चालान पेंडिंग हैं। वहीं हादसे में शामिल थार वाटिका रोड निवासी शिव कुमार के नाम है। थार पर भी ओवरस्पीड के 4 चालान हैं।


पुलिस ने दोनों गाड़ी की थी जब्त
मानसरोवर थानाधिकारी सतीश चंद ने बताया- हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने थार और एंडेवर को जब्त कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अनुसंधान पूरा होने के बाद हादसे की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.



