जयपुर निवासी युवक को सीकर बुलाकर बिटकॉइन में इन्वेस्टमेंट के नाम पर 10 लाख की ठगी की वारदात को अंजाम दिया गया। दोस्त की शादी में युवक की मुलाकात सीकर जिले के रहने वाले विनोद नेहरा से हुई थी। जिसने ही युवक को सीकर बुलाया था। अब कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मामले में जयपुर के निवारू रोड के रहने वाले अशोक कुमार ने सीकर के कोतवाली पुलिस थाने में रिपोर्ट कराई है। रिपोर्ट में बताया कि कुछ समय पहले उसके दोस्त की शादी में अलखपुरा के रहने वाले विनोद नेहरा से मुलाकात हुई। जिसने अशोक को बिटकॉइन में इन्वेस्टमेंट के बारे में बताया। अशोक ने विनोद की बातों में आकर इन्वेस्टमेंट के लिए हां भी कर दी।

पीड़ित को सीकर में ईमित्र की दुकान पर बुलाया
इसके बाद विनोद ने अशोक को मिलने के लिए सीकर के कल्याण सर्किल के पास एक ईमित्र की दुकान पर बुलाया। जहां पर उसका दोस्त सचिन शिवरान भी मौजूद था। दुकान के मालिक संजय उर्फ संजू ने 10 लाख रुपए गिन लिए। इसी बीच विनोद नेहरा कोई काम का बहाना बनाकर वहां से चला गया।
1 घंटे तक इंतजार करने के बाद भी अशोक को बिटकॉइन ट्रांसफर नहीं हुआ तो उसने विनोद को कॉल किया। लेकिन विनोद ने अपना मोबाइल बंद कर लिया।
अशोक के अनुसार, दुकान में बैठकर वह लोग म्यूल अकाउंट में पैसा निकालना, बैंक में फ्रॉड का पैसा डालकर सोना निकालना,सोने की स्मगलिंग करना जैसी बातें कर रहे थे। अशोक की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने विनोद, सचिन, चिंटू,संजय, मनीष भास्कर और दयाल सिंह के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।





