जोधपुर पुलिस ने बाड़मेर के शिव थाने के हिस्ट्रीशीटर और कुख्यात वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। उस पर जोधपुर, बेंगलुरु, जालोर, बालोतरा और सांगानेर सहित अलग-अलग जिलों में चोरी, नकबजनी और मारपीट के कुल 19 मुकदमे दर्ज हैं।
आरोपी का नेटवर्क कई जिलों में फैला हिस्ट्रीशीटर को जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट के जिला पश्चिम की राजीव गांधी नगर पुलिस ने पकड़ा है। डीसीपी (पश्चिम) विनीत कुमार बंसल ने बताया कि आरोपी बाड़मेर जिले का कोटड़ा निवासी ओंकार सिंह पुत्र तन सिंह राजीव गांधी नगर थाने के तीन मामलों में वांछित था।
जोधपुर से जैसलमेर तक आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि ओंकार सिंह आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ साल 2018 से लगातार आपराधिक मामले दर्ज हो रहे हैं। आरोपी का नेटवर्क कई जिलों में सक्रिय रहा है।
अलग-अलग जिलों में मामले दर्ज
- बाड़मेर के कोतवाली, सदर, शिव और चौहटन थाने में वाहन चोरी, मारपीट और अपहरण के कई मामले दर्ज है। चौहटन थाने में आबकारी अधिनियम का भी एक मामला दर्ज है।
- जैसलमेर के कोतवाली, सांकड़ा और सांगड़ थाने में चोरी, नकबजनी के मामले, जो कोर्ट में विचाराधीन हैं।
- बालोतरा के पचपदरा थाने में धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज है।
- जोधपुर के राजीव गांधी नगर थाने में हाल ही में दर्ज वाहन चोरी के मामले दर्ज है।
जोधपुर पुलिस की ओर से विभिन्न मामलों में वांछित बदमाशों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में एसीपी (प्रतापनगर) रविन्द्र बोथरा के निर्देशन में राजीव गांधी नगर थानाधिकारी रविन्द्रपाल सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी, जिसे शातिर वाहन चोर ओंकार सिंह को गिरफ्तार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
आरोपी को पकड़ने वाली टीम में एएसआई रावलराम, हेड कॉन्स्टेबल जगराम, बाबूलाल, पूंजराज सिंह और डूंगरसिंह, कॉन्स्टेबल राजू सिंह, महिपाल, हुक्माराम, यतेन्द्र, श्रवण पटेल और अशोक शामिल रहे।






