मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार को संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायत संख्या 092515324334414 पर बालेसर निवासी छगनलाल से स्वयं मोबाइल पर संवाद कर उनकी समस्या की जानकारी ली। मुख्यमंत्री से अचानक मोबाइल पर संवाद होने पर छगनलाल को एक क्षण के लिए विश्वास ही नहीं हुआ कि स्वयं मुख्यमंत्री उनसे बात कर रहे हैं। उन्होंने इस पर अचरज व्यक्त किया। जब माननीय ने स्पष्ट किया कि “हां, मैं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बोल रहा हूं”, तब छगनलाल को इस बात का पूर्ण विश्वास हुआ। इसके पश्चात उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। मुख्यमंत्री द्वारा सीधे संवाद किए जाने की यह घटना बाद में पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई।
बातचीत के दौरान छगनलाल ने अवगत कराया कि जोधपुर डिस्कॉम के बालेसर उपखंड अंतर्गत सुराणी गांव, सत्य भारती स्कूल के पास स्थित आवासीय क्षेत्र में विद्युत वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। माननीय मुख्यमंत्री ने न केवल शिकायतकर्ता का हालचाल जाना, बल्कि समस्या के तत्काल समाधान के निर्देश भी प्रदान किए।
4 घंटे में लगा नया ट्रांसफॉर्मर
मुख्यमंत्री के निर्देशों की पालना में जोधपुर डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक डॉ. भंवरलाल के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अधीक्षण अभियंता संजीव माथुर के नेतृत्व में तकनीकी टीम को मौके पर भेजा गया। डिस्कॉम टीम द्वारा ने चार घंटे के भीतर कार्यवाही पूर्ण की। रात 7:30 बजे तक 10 केवीए का अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर स्थापित कर विद्युत वोल्टेज की समस्या का पूर्ण समाधान कर दिया गया।





