अजमेर में नगर निकाय चुनाव से पहले भाजपा को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और अजमेर नगर निगम के दो बार मेयर रह चुके धर्मेंद्र गहलोत ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।
गहलोत ने एक वीडियो जारी कर अपने इस्तीफे की वजह बताई। उन्होंने कहा कि स्वायत्त शासन विभाग की ओर से 18 अगस्त को उन्हें दो मामलों में नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। गहलोत का आरोप है कि इन नोटिस के पीछे विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी का राजनीतिक दबाव है।
देवनानी पर लगाए गंभीर आरोप
धर्मेंद्र गहलोत ने कहा कि उनके और वासुदेव देवनानी के बीच लंबे समय से राजनीतिक और वैचारिक मतभेद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय उन्हें दबाव में लेने के लिए स्वायत्त शासन विभाग से नोटिस जारी करवाए गए।
गहलोत ने कहा कि अगर चुनाव के दौरान कांग्रेस इन मामलों को मुद्दा बनाती है तो भाजपा भी सवालों के घेरे में आ सकती है। इसी वजह से उन्होंने पार्टी से इस्तीफा देने का फैसला किया।
नागौर चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी भी छोड़ी
भाजपा ने आगामी नागौर नगर परिषद चुनाव के लिए धर्मेंद्र गहलोत को प्रभारी बनाया था। गहलोत ने प्रदेश नेतृत्व से इस जिम्मेदारी से भी मुक्त करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि जब तक नोटिस से जुड़े मामले का निस्तारण नहीं होता, तब तक नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए वे पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं।
बोले- मिटने को तैयार, झुकने को नहीं
गहलोत ने अपने वीडियो में वासुदेव देवनानी को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वह किसी के सामने झुकने वाले नहीं हैं। उन्होंने इसे अपने और देवनानी के बीच की लड़ाई बताया और कहा कि यह संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
धर्मेंद्र गहलोत 2005 और 2015 में अजमेर नगर निगम के मेयर रह चुके हैं।
पुराने मामलों को लेकर जारी हुए नोटिस
गहलोत के अनुसार, नोटिस में शामिल एक शिकायत वर्ष 2021 की है, जब वे मेयर नहीं थे। वहीं दूसरा मामला उनके मेयर कार्यकाल से करीब 6-7 साल पुराना बताया जा रहा है।
करीब छह साल पहले 13 कॉमर्शियल नक्शों को मंजूरी देने से जुड़ा मामला भी सामने आया था। आरोप था कि नियमों के विपरीत निगम के उपायुक्त से इन नक्शों की फाइलों को मंजूरी दिलाई गई। इस मामले में जांच कमेटी का गठन भी किया गया था।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.




