सीकर के रानोली में पुलिस ने चाइनीज मांझे की अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10 चर्खियां (गट्टे) चाइनीज मांझा जब्त किया है।
चाइनीज मांझा मानव जीवन और पशु-पक्षियों दोनों के लिए खतरनाक माना जाता है। इससे होने वाली दुर्घटनाओं और जनहानि को देखते हुए पुलिस प्रशासन इस पर लगातार निगरानी रख रहा है।
यह कार्रवाई 7 जनवरी 2026 को जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट सीकर के आदेश के पालन में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सरदारशहर मोड़, रानोली पर एक युवक अपनी दुकान के बाहर सफेद कट्टे में चाइनीज मांझा भरकर चोरी-छिपे बेच रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान इरशाद मणियार (21 वर्ष), पुत्र इकबाल मणियार, निवासी वार्ड नंबर 5, रानोली के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके पास से 10 चर्खियां चाइनीज मांझा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी इरशाद मणियार के खिलाफ प्रकरण संख्या 07/2026, धारा 223 बीएनएस और 125 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चाइनीज मांझे की बिक्री, भंडारण और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध है। आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसी कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी। पुलिस ने जनता से किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।






