Home » राजस्थान » चिकित्सा विभाग की प्रमुख शासन सचिव ने किया 181 हेल्पलाइन का अवलोकन

चिकित्सा विभाग की प्रमुख शासन सचिव ने किया 181 हेल्पलाइन का अवलोकन

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बुधवार को शासन सचिवालय स्थित 181 हेल्पलाइन केंद्र का अवलोकन किया। उन्होंने यहां कॉल रिस्पॉन्स सिस्टम, शिकायत निस्तारण प्रक्रिया तथा लाभार्थियों को दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता की विस्तार से जानकारी ली।

गायत्री राठौड़ ने हेल्पलाइन के कॉल सेंटर में परिवेदना प्राप्ति और उसके समाधान की प्रक्रिया को करीब से देखा। साथ ही, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से संबंधित योजनाओं एवं कार्यक्रमों के संबंध में प्राप्त हो रही परिवेदनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मौके पर कॉल सेंटर पर कार्यरत कार्मिक से शिकायत निस्तारण के पूरे मैकेनिज्म के बारे में पूछा। साथ ही, हेल्पलाइन प्रभारी जीके शर्मा से स्वास्थ्य विभाग की परिवेदनाओं के निस्तारण की स्थिति तथा लंबित परिवेदनाओं की स्थिति के बारे में जानकारी ली।

प्रमुख शासन सचिव ने मौके पर उपस्थित चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सम्पर्क पोर्टल, 181 हेल्पलाइन एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त जनसमस्याओं का निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ समय पर किया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जीवन रक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है, इसलिए समस्याओं का त्वरित एवं पूरी संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए। इसमें किसी भी तरह की देरी नहीं हो। उन्होंने इसके लिए विभाग के कार्मिकों को समय—समय पर आवश्यक प्रशिक्षण दिए जाने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कॉल सेंटर स्टाफ से संवाद कर कार्यप्रणाली की जानकारी ली तथा बेहतर सेवा प्रदान करने हेतु आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और लंबित प्रकरणों के निस्तारण में तेजी लाई जाए। प्रमुख शासन सचिव ने कहा कि राज्य सरकार आमजन को त्वरित एवं प्रभावी सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सम्पर्क पोर्टल एवं 181 हेल्पलाइन इस दिशा में एक सशक्त माध्यम है, जिससे नागरिकों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक डॉ. अमित यादव सहित विभाग के संबंधित अधिकारी एवं हेल्पलाइन प्रबंधन से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra

0
0

RELATED LATEST NEWS

Top Headlines

जोगाराम बोले- जो कुर्सी-बचाने फिरते रहे,उन्हें सवाल का अधिकार नहीं:मंत्री पटेल ने कहा- घोषणाएं होती रहेंगी, हमारे बीच कोई खींचतान नहीं

कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा- जो होटलों में बंद रहे, तत्कालीन मुख्यमंत्री अपने ही उप मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष