भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने नई दिल्ली स्थित आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में राजस्थान बजट को राज्य के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम बताया।राठौड़ ने कहा कि यह बजट राजस्थान को नई दिशा और नई गति प्रदान करेगा तथा समावेशी विकास की भावना को सशक्त करेगा। यह बजट विकसित राजस्थान-2047 की दिशा में मजबूत आधार तैयार करने वाला बजट है।राठौड़ ने कहा कि बजट में किसानों के हितों को विशेष प्राथमिकता दी गई है।किसानों को ब्याज मुक्त ऋण देने का प्रावधान किया गया है, खेतों की तारबंदी के लिए अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा तथा सोलर पंप लगाने में सहयोग दिया जाएगा।इसके साथ ही किसानों को बीज उपलब्ध कराने,मृदा परीक्षण की सुविधा बढ़ाने, प्रयोगशालाओं में मिट्टी की जांच तथा वैज्ञानिक सलाह देने जैसी व्यवस्थाएं की गई हैं।नहरों और बांधों के सुदृढ़ीकरण, कृषि उपकरणों पर राहत तथा जल संरक्षण के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अरावली क्षेत्र के संरक्षण हेतु योजना बनाई गई है तथा पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।मंदिरों और तीर्थ स्थलों के विकास,तीर्थ यात्राओं के प्रोत्साहन तथा आवास निर्माण में सहयोग जैसे प्रावधान भी बजट में शामिल हैं।शिक्षा के क्षेत्र में 400 सरकारी स्कूलों को सीएम राइज विद्यालयों के रूप में क्रमोन्नत किया जाएगा। स्किल डेवलपमेंट,एआई आधारित प्रशिक्षण और युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की गई है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि ईआरसीपी परियोजना के टेंडर और वर्क ऑर्डर जारी हो चुके हैं तथा कुछ जगहों पर कार्य प्रारंभ हो गया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा शिलान्यास किए गए ‘रामजल सेतु’ परियोजना से प्रदेश को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा। हरियाणा से जल समझौता तथा नर्मदा के पानी को लाने के प्रयासों से राजस्थान जल के मामले में आत्मनिर्भर बनेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने एक भी पेपर लीक नहीं होने दिया और दोषियों को जेल भेजने का कार्य किया। अब तक एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है तथा 1 लाख भर्ती कैलेंडर जारी कर दिया गया है। सड़क, पुल, ओवरब्रिज, टेक्सटाइल उद्योग और मुद्रा योजना के माध्यम से रोजगार सृजन को गति मिली है। पंचायतों को सुदृढ़ करने, पुलिस बल को आधुनिक संसाधन देने, 5 हजार नए होमगार्ड की भर्ती तथा महिला पुलिसकर्मियों को स्कूटी उपलब्ध कराने जैसे निर्णय सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करेंगे। राठौड़ ने कहा कि यह बजट विकसित राजस्थान के निर्माण की मजबूत आधारशिला साबित होगा।





