राजस्थान के भीलवाड़ा में 5 लोगों ने शराब समझकर जहरीला केमिकल पी लिया। इनमें तीन महिलाओं सहित 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर है।
जानकारी के अनुसार सभी मजदूर हैं और शादी वाले घर से शराब की बोतलें समझकर ये केमिकल ले आए थे। हादसा जिले के अलोली गांव में गुरुवार देर रात को हुआ।
अपने घर पर पीया केमिकल
आलोली निवासी हरदयाल सिंह ने बताया – 10 फरवरी को परिवार में शादी थी। घर के बाहर खेत में पांडाल लगाया गया था। अगले दिन कुछ लोग खाने लेने घर आए और यहां साफ-सफाई की।
बर्तन साफ करने के लिए केमिकल मंगवाया गया था। घर लौटते समय वे कई बोतलें अपने साथ ले गए। आशंका है कि 12 फरवरी की शाम को घर पर इनमें से कुछ लोगों ने ये केमिकल पी लिया था।

सभी की हॉस्पिटल में मौत
कुछ मिनटों बाद ही इनकी हालत बिगड़ने लगी। पड़ोसियों ने उन्हें गंगापुर हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया। जहां गुरुवार रात को जमनी (60) शंकर कंजर, रतन (42) पुत्र मिश्री लाल कंजर और उसकी पत्नी सुशीला (40) की मौत हो गई।
वहीं, दो महिलाओं को भीलवाड़ा के हॉस्पिटल रेफर किया था। इनमें बादामी (60) पत्नी जानकी लाल ने रास्ते में दम तोड़ दिया। सनू (22) पत्नी पप्पू लाल कंजर की हालत गंभीर है।

शादी वाले घर से लाए थे 4 बोतल, घर में छुपाई
हॉस्पिटल में एडमिट सनू उर्फ सुशीला की देवरानी सीता देवी ने गंगापुर थाने में रिपोर्ट दी है। ये सभी लोग शादी के कार्यक्रम में बर्तनों की सफाई का काम करने में गए थे।
चोरी छुपे 4 प्लास्टिक की बोतलें ले आए, जिसमें पानी जैसा लिक्विड भरा था। इन बोतलों को सुशीला ने घर में छुपा दिया था। सीता देवी ने बताया कि 12 फरवरी को वे किसी काम से गंगापुर आ गई थी।
इस दौरान सुशीला, बादामी, जमनी देवी और रतलाल ने शराब समझकर इसे पी लिया। शाम को जब घर आई तो चारों की तबीयत खराब थी और उल्टियां कर रहे थे।
वहीं, महात्मा गांधी हॉस्पिटल के डॉ. चेतन ने बताया – एक मृतक के पेट में जहरीला लिक्विड मिला है, जो शराब या कोई केमिकल भी हो सकता है।





